वेतन नहीं तो काम नहीं… 2 जून से पूरे हिमाचल में HRTC बसों का चक्का जाम करने की चेतावनी
शिमला। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (HRTC) के कर्मचारियों ने अब वेतन को लेकर आर-पार की लड़ाई लड़ने का ऐलान कर दिया है। HRTC चालक-परिचालक यूनियन ने अपनी लंबित मांगों को लेकर निगम प्रबंधन और सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए चेतावनी दी है कि यदि कर्मचारियों को पहली तारीख तक वेतन जारी नहीं किया गया, तो 2 जून से पूरे प्रदेश में HRTC बसों का चक्का जाम कर दिया जाएगा।
HRTC चालक-परिचालक यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष मानसिंह ठाकुर ने कहा कि कर्मचारियों को बार-बार वेतन के लिए इंतजार करना पड़ रहा है, जबकि प्रदेश के अन्य विभागों के कर्मचारियों को समय पर वेतन और भत्ते मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब कर्मचारियों के सब्र का बांध टूट चुका है और वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर हैं।
मानसिंह ठाकुर ने स्पष्ट शब्दों में कहा, "वेतन नहीं तो काम नहीं"। उन्होंने बताया कि यूनियन ने अपनी मांगों को लेकर बीती 13 मई को ही सरकार और निगम प्रबंधन को नोटिस सौंप दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है।
उन्होंने कहा कि यदि पहली जून को कर्मचारियों के खातों में वेतन आ जाता है तो स्थिति सामान्य रहेगी, लेकिन वेतन जारी नहीं होने की स्थिति में 2 जून से प्रदेशभर में HRTC बस सेवाओं को बंद कर दिया जाएगा।
यूनियन ने निगम प्रशासन को आगाह करते हुए कहा है कि अनिश्चितता की स्थिति में अग्रिम टिकट बुकिंग करने से बचा जाए। यदि इसके बावजूद टिकट बुकिंग जारी रहती है और 2 जून को संभावित चक्का जाम के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी निगम प्रबंधन की होगी।
चालक-परिचालक यूनियन की इस चेतावनी के बाद प्रदेशभर में लाखों यात्रियों की चिंता बढ़ गई है। यदि समय रहते समाधान नहीं निकला, तो सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पर बड़ा असर पड़ सकता है।






