पंचायती राज चुनाव पर सियासत तेज: विनय कुमार का बिंदल पर पलटवार, कहा- 'जनता को गुमराह कर रही भाजपा'
शिमला। प्रदेश में पंचायती राज और स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस ने भाजपा पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए जोरदार पलटवार किया है।
हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल के बयान को पूरी तरह निराधार और तथ्यों से परे बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनावों में अपनी संभावित हार को देखते हुए बेबुनियाद आरोप लगा रही है।
विनय कुमार ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पहले ही साफ कर चुके हैं कि प्रदेश में पंचायती राज और नगर निकाय चुनाव 31 मई से पहले करवा दिए जाएंगे। ऐसे में चुनाव प्रक्रिया को लेकर भ्रम फैलाना भाजपा की राजनीतिक रणनीति का हिस्सा है।
रोस्टर को लेकर उठाए गए सवालों पर उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बरती गई है और सभी वर्गों, जातियों तथा महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। उन्होंने भाजपा के “चुनाव हाईजैक” जैसे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा लोकतंत्र में विश्वास रखती है, जहां जनमत सर्वोपरि होता है।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी हर मुद्दे पर राजनीतिक रोटियां सेंकने की आदी हो चुकी है, लेकिन अब यह रणनीति ज्यादा समय तक चलने वाली नहीं है। उन्होंने भाजपा पर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने और जनहित के मुद्दों से भागने का भी आरोप लगाया।
विनय कुमार ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा का असली चेहरा देख चुकी है और अब किसी भी तरह के बहकावे में आने वाली नहीं है।












