एयरो सिटी भूमि अधिग्रहण पर ग्रामीणों का विरोध, एयरपोर्ट की तर्ज पर मुआवजे की मांग
कांगड़ा एयरपोर्ट के समीप प्रस्तावित एयरो सिटी परियोजना को लेकर भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू होते ही ग्रामीणों का विरोध सामने आने लगा है। प्रभावित ग्रामीणों ने सरकार से एयरपोर्ट की तर्ज पर मुआवजा देने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि जब एयरपोर्ट विस्तार के दौरान भूमि के लिए प्रति कनाल लगभग 21 लाख रुपये मुआवजा दिया गया था, तो एयरो सिटी के लिए मात्र 3 से 4 लाख रुपये प्रति कनाल का भुगतान न्यायसंगत नहीं है।
ग्रामीणों ने डीसी से की मुलाकात
महाल भड़ोत (तहसील शाहपुर) के ग्रामीणों ने मंगलवार को उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा से मुलाकात कर अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि यदि उन्हें एयरपोर्ट के बराबर मुआवजा नहीं मिला तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
ग्रामीण वीर सिंह, देशराज और नरेंद्र कुमार ने बताया कि प्रस्तावित एयरो सिटी के लिए चिन्हित भूमि उनकी उपजाऊ कृषि भूमि है, जिस पर वे खेती कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
सर्कल रेट पर भी जताई नाराजगी
ग्रामीणों का कहना है कि मौजूदा सर्कल रेट बहुत कम निर्धारित किया गया है, जिसे वे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पास ही स्थित महाल जुगेहड़ का सर्कल रेट अधिक है, इसलिए एयरो सिटी प्रभावित क्षेत्रों को भी उसी के आधार पर मुआवजा मिलना चाहिए।
आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार और प्रशासन ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया और समान मुआवजा नीति लागू नहीं की गई, तो वे सड़कों पर उतरकर भूमि अधिग्रहण का विरोध करेंगे।
ग्रामीणों का साफ कहना है कि उचित मुआवजा मिलने पर ही वे अपनी जमीन एयरो सिटी परियोजना के लिए देने को तैयार होंगे।






