रोहड़ू कोर्ट और SDM ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, खाली करवाया परिसर
शिमला। जिला शिमला पुलिस को बुधवार को भराड़ी रोड के पास एक अज्ञात पोस्टर मिलने से हड़कंप मच गया, जिसमें रोहड़ू स्थित अदालत परिसर और एसडीएम कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एहतियाती कदम उठाए। सुरक्षा के मद्देनजर रोहड़ू अदालत परिसर और एसडीएम कार्यालय को खाली करवा लिया गया, जबकि परिसर में मौजूद सभी वाहनों को भी हटा दिया गया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ता भी मौके पर बुलाया गया और पूरे परिसर की गहन जांच शुरू की गई। हालांकि, अब तक किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन जांच प्रक्रिया जारी है।
इस संबंध में थाना सदर में मामला दर्ज कर लिया गया है और विधि अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, शांति बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।






