HRTC यूनियन और सरकार की वार्ता विफल, 24 जून की रात से थमेंगे बसों पहिए!
शिमला। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (HRTC) कर्मचारी यूनियन और प्रदेश सरकार के बीच मंगलवार को हुई महत्वपूर्ण वार्ता किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। बैठक बेनतीजा रहने के बाद यूनियन ने 24 जून की रात 12 बजे से प्रदेशव्यापी बस हड़ताल पर जाने का ऐलान कर दिया है। यदि अंतिम समय तक कोई समाधान नहीं निकलता है तो प्रदेशभर में HRTC बस सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं, जिससे हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
यूनियन का आरोप है कि कर्मचारियों के लंबित भत्तों और अन्य देयों का करीब 100 करोड़ रुपये का भुगतान लंबे समय से अटका हुआ है। इन मांगों को लेकर कर्मचारी संगठन पहले ही सरकार को 24 जून तक का समय दे चुका था। तय समयसीमा के भीतर मांगों पर ठोस निर्णय न होने के कारण अब हड़ताल का रास्ता अपनाने का फैसला लिया गया है।
HRTC कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष मान सिंह ने बताया कि परिवहन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव के साथ हुई बैठक में कर्मचारियों की विभिन्न मांगों पर चर्चा हुई, लेकिन कोई ठोस सहमति नहीं बन सकी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और प्रशासन ने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने अपने हालिया तबादले पर भी नाराजगी जताते हुए इसे कर्मचारियों की आवाज दबाने की कोशिश बताया।
यूनियन का कहना है कि यदि सरकार जल्द कोई सकारात्मक पहल नहीं करती तो 24 जून की रात 12 बजे से प्रदेशभर में HRTC बसों का संचालन प्रभावित होगा। ऐसे में रोजाना बसों पर निर्भर रहने वाले हजारों यात्रियों, छात्रों और कर्मचारियों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
अब सभी की निगाहें सरकार और कर्मचारी यूनियन के बीच होने वाली संभावित अंतिम दौर की बातचीत पर टिकी हैं। यदि समय रहते समाधान नहीं निकला तो हिमाचल में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पर बड़ा असर पड़ सकता है।






