हिमाचल के 5 मेडिकल कॉलेजों में डॉक्टरों की कमी होगी दूर, 75 नए असिस्टेंट प्रोफेसर पद सृजित
शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने मेडिकल कॉलेजों में डॉक्टरों और विशेषज्ञ शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए बड़ा फैसला लिया है। चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग ने प्रदेश के पांच सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 75 नए असिस्टेंट प्रोफेसर पद सृजित करने की अधिसूचना जारी की है।
इन पदों का सृजन चिकित्सा शिक्षा, शिक्षण व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के उद्देश्य से किया गया है। नए पद टांडा, नेरचौक, नाहन, चंबा और हमीरपुर मेडिकल कॉलेजों में विभिन्न विशेषज्ञता विभागों के लिए स्वीकृत किए गए हैं।
सरकार ने नाहन और चंबा मेडिकल कॉलेज में पहली बार कार्डियोलॉजी विभाग स्थापित करने का भी निर्णय लिया है। इसके तहत दोनों संस्थानों में सुपर स्पेशियलिटी कार्डियोलॉजी के असिस्टेंट प्रोफेसर पद भी सृजित किए गए हैं।
सरकार का मानना है कि इन नियुक्तियों से मेडिकल शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इन पदों को निर्धारित भर्ती एवं पदोन्नति नियमों के तहत भरा जाएगा।






