ड्यूटी में कोताही पर SSP शिमला का बड़ा एक्शन, न्यू शिमला थाना के SHO पद से हटाए
शिमला: ड्यूटी में लापरवाही को लेकर शिमला पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए न्यू शिमला थाना के एसएचओ को उनके पद से हटा दिया है। संबंधित अधिकारी को थाना प्रभारी के पद से हटाकर अन्य स्थान पर तैनात किया गया है। इस कार्रवाई के बाद जिला पुलिस महकमे में साफ संदेश गया है कि कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार अन्वेषण कार्य और थाने के कामकाज से जुड़े कुछ मामलों में सामने आई कमियों को लेकर यह कार्रवाई की गई है। जिला पुलिस प्रशासन लगातार अधिकारियों और कर्मचारियों के कामकाज की समीक्षा कर रहा है तथा लंबित मामलों की भी निगरानी की जा रही है।
पुलिस विभाग का कहना है कि जनता से जुड़े मामलों के निस्तारण और जांच कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले की पुष्टि करते हुए एसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि न्यू शिमला थाना के एसएचओ को पद से हटाकर अन्य स्थान पर तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों के कार्यों की नियमित समीक्षा की जा रही है और पेशेवर तरीके से काम सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। भविष्य में भी ड्यूटी में किसी तरह की कोताही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।






