शिमला-दिल्ली और धर्मशाला फ्लाइट का किराया फिक्स, एलायंस एयर ने तय किए रेट
शिमला: हिमाचल प्रदेश आने-जाने वाले हवाई यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। नई दिल्ली-शिमला और शिमला-धर्मशाला रूट पर संचालित हो रही हवाई सेवाओं के लिए एलायंस एअर ने अब फिक्स्ड किराया लागू कर दिया है। इस नई व्यवस्था के तहत यात्रियों को अंतिम समय में टिकट बुक करवाने पर भी पहले की तरह कई गुना अधिक किराया नहीं चुकाना पड़ेगा।
एलायंस एअर एविएशन लिमिटेड ने यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी है। अब इन रूटों पर सफर करने वाले यात्रियों को निर्धारित किराए के अनुसार ही टिकट उपलब्ध होंगे। एयरलाइन के इस फैसले से यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, क्योंकि पहले सीमित सीटों पर कम किराया मिलता था, जबकि बाद में टिकटों के दाम तेजी से बढ़ जाते थे। कई बार किराया 13 हजार से 18 हजार रुपए तक पहुंच जाता था और कुछ मामलों में 27 हजार रुपए तक भी टिकट बिकती थी।
यह रहेगा तय किराया
नई व्यवस्था के तहत अब शिमला से धर्मशाला का प्रति यात्री किराया 4424 रुपए तय किया गया है, जबकि धर्मशाला से शिमला आने के लिए 4997 रुपए देने होंगे। वहीं नई दिल्ली से शिमला का किराया 7782 रुपए और शिमला से नई दिल्ली का किराया 7740 रुपए निर्धारित किया गया है।
48 सीटर विमान, लेकिन शिमला से सीमित टेकऑफ
इन रूटों पर एलायंस एअर का 48 सीटर एटीआर 42-600 सीरीज विमान संचालित किया जा रहा है। हालांकि विमान की क्षमता 48 यात्रियों की है, लेकिन शिमला के जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट की भौगोलिक परिस्थितियों, छोटे रनवे और टेबल-टॉप एयरपोर्ट होने के कारण टेकऑफ के समय केवल 25 यात्रियों को ही बैठाने की अनुमति होती है। जबकि लैंडिंग के दौरान विमान में 47 यात्री सफर कर सकते हैं।
स्टेशन मैनेजर, शिमला एयरपोर्ट (एलायंस एअर एविएशन लिमिटेड) दिनेश सूद ने बताया कि नई दिल्ली-शिमला और शिमला-धर्मशाला रूट के लिए फिक्स्ड किराया लागू कर दिया गया है। अब यात्री तय किराए के अनुसार ही फ्लाइट टिकट बुक करवा सकेंगे।






