पंचायत चुनावों से पहले शिमला प्रशासन सख्त, नशा कारोबारियों की संपत्तियों पर होगी कार्रवाई
शिमला में पंचायत चुनावों से पहले जिला प्रशासन ने नशा कारोबारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने के संकेत दिए हैं। उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने राजस्व अधिकारियों और पुलिस विभाग को निर्देश दिए हैं कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों की जानकारी तुरंत संबंधित एसडीएम कार्यालयों तक पहुंचाई जाए, ताकि उनकी संपत्तियों की जांच कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा सके।
जिला स्तरीय मासिक एनकॉर्ड बैठक की अध्यक्षता करते हुए DC अनुपम कश्यप ने कहा कि शिमला पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ लगातार प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। इसके चलते न सिर्फ स्थानीय स्तर पर बल्कि पड़ोसी राज्यों से जुड़े तस्करों में भी डर का माहौल बना है। उन्होंने राजस्व विभाग समेत अन्य संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि नशा कारोबारियों की संपत्तियों, जमीन और वित्तीय गतिविधियों से जुड़ी जानकारी पुलिस को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाए।
पंचायत चुनावों में अवैध शराब पर रहेगी कड़ी निगरानी
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि पंचायत चुनावों के दौरान अवैध शराब की बिक्री, सप्लाई और स्टॉकिंग रोकने के लिए एक्साइज विभाग को विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक विभिन्न विभागों और हितधारकों के साथ लगातार समन्वय बैठकें करेगा, ताकि चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सकें।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि शिमला को नशा मुक्त समाज की दिशा में आगे बढ़ाना भी है।
“ड्रग फ्री हिमाचल” ऐप से जोड़े जाएंगे विद्यार्थी
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिलेभर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों का रिकॉर्ड रखा जाएगा। साथ ही “ड्रग फ्री हिमाचल” मोबाइल ऐप की जानकारी स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों तक पहुंचाई जाएगी, ताकि युवा वर्ग को नशे के खिलाफ जागरूक किया जा सके।
चुनावों में शराब वितरण पर पुलिस की विशेष नजर
बैठक में मौजूद शिमला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने कहा कि एनडीपीएस मामलों में पुलिस तेजी से कार्रवाई कर रही है और अंतरराज्यीय नशा गिरोहों का लगातार भंडाफोड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों के दौरान ऐसे तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, जो शराब या नशे के माध्यम से चुनावों को प्रभावित करने की कोशिश कर सकते हैं।
सभी स्कूलों में चलेगा टीबी जांच अभियान
बैठक में शिक्षा विभाग ने जानकारी दी कि अगले एक महीने के भीतर जिले के सभी स्कूलों में टीबी जांच अभियान चलाया जाएगा। निर्धारित मानकों को पूरा करने वाले स्कूलों को “टीबी मुक्त स्कूल” प्रमाणपत्र भी जारी किया जाएगा।
इस बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






