PM मोदी के बचत अभियान की शांता कुमार ने की सराहना, गरीबों के लिए मांगी नई योजनाएं
बचत अभियान से गरीबों के लिए नई योजनाएं बनाए सरकार : शांता कुमार
शिमला। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने प्रधानमंत्री के बचत अभियान की सराहना करते हुए कहा है कि यह अभियान केवल औपचारिक पहल बनकर न रह जाए, बल्कि इससे होने वाली बचत को देश के गरीब और जरूरतमंद लोगों के कल्याण में लगाया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि बचत से जुटने वाली राशि के आधार पर गरीबों के लिए नई योजनाएं तैयार की जाएं।
वीरवार को जारी बयान में शांता कुमार ने कहा कि देश में आज भी करोड़ों लोग गरीबी, बेरोजगारी और आर्थिक असमानता से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक ओर समाज का संपन्न वर्ग लगातार आगे बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर गरीब तबका आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहा है। बढ़ती बेरोजगारी को लेकर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि युवा वर्ग निराशा के दौर से गुजर रहा है और कई जगह आत्महत्या जैसी दुखद घटनाएं भी सामने आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से बचत करने की अपील के बाद पूरे देश में सकारात्मक संदेश गया है। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल द्वारा भी ईंधन और संसाधनों की बचत को लेकर उठाए गए कदमों की उन्होंने सराहना की। शांता कुमार ने कहा कि यदि यह बचत अभियान निरंतर जारी रहा तो देश को करोड़ों-अरबों रुपये की बचत हो सकती है, जिसे गरीबों, बेरोजगारों और जरूरतमंद परिवारों के उत्थान में खर्च किया जा सकता है।
उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि गरीबों के लिए ऐसी नई योजनाएं बनाई जाएं, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें और सम्मानपूर्वक जीवन जी सकें। उन्होंने कहा कि यह अभियान तब तक जारी रहना चाहिए, जब तक देश का हर गरीब व्यक्ति आर्थिक रूप से मजबूत न हो जाए।
राजनीतिक परिदृश्य का जिक्र करते हुए शांता कुमार ने कहा कि देशभर में भारतीय जनता पार्टी को लगातार जनसमर्थन मिल रहा है। उन्होंने बंगाल और हरियाणा के स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की सफलता का हवाला देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “नए भारत” के निर्माण को लेकर जनता का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि हिमाचल प्रदेश में होने वाले नगर निगम और पंचायत राज चुनावों में भी भाजपा को व्यापक समर्थन मिलेगा और प्रदेश की जनता वर्ष 2027 में भाजपा सरकार बनाने का मन बना चुकी है।






