हिमाचल में JOA (IT) का अलग राज्य कैडर गठित, अब भर्ती निदेशालय करेगा नियुक्तियों का संचालन
शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने जेओए (आईटी) पदों के लिए अलग राज्य कैडर गठित करने का फैसला लिया है। अब इन पदों पर सभी नियुक्तियों का संचालन भर्ती निदेशालय के माध्यम से किया जाएगा। इसके साथ ही करुणामूलक आधार पर होने वाली नियुक्तियों के आदेश भी भर्ती निदेशालय ही जारी करेगा। ये नियुक्तियां जॉब ट्रेनी आधार पर की जाएंगी।
कार्मिक विभाग ने इस संबंध में सभी प्रशासनिक सचिवों और विभागाध्यक्षों को निर्देश जारी कर दिए हैं। सरकार ने 26 मार्च 2025 को भर्ती निदेशालय की स्थापना की थी, जिसका उद्देश्य जेओए (आईटी) और अन्य श्रेणी-सी के पदों की सीधी भर्ती प्रक्रिया को तेज, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाना है। इसके बाद 12 मार्च 2026 को जेओए (आईटी) का अलग राज्य कैडर भी गठित कर दिया गया।
निर्देशों के अनुसार, करुणामूलक आधार पर जेओए (आईटी) पद पर जॉब ट्रेनी के रूप में नियुक्ति के लिए संबंधित विभागों को सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर प्रस्ताव भर्ती निदेशालय को भेजने होंगे। नियुक्ति पत्र जारी करने की अंतिम जिम्मेदारी भी भर्ती निदेशालय की ही होगी।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि विभागीय और राज्य कैडर के जेओए (आईटी) पदों की भर्ती अलग-अलग माध्यमों से नहीं की जाएगी। सभी नियुक्तियां एक समन्वित और एकल व्यवस्था के तहत की जाएंगी, ताकि भर्ती प्रक्रिया में एकरूपता और पारदर्शिता बनी रहे।






