रिटायरमेंट से 4 दिन पहले संजय गुप्ता को मिला तोहफा, सरकार ने नियमित मुख्य सचिव के पद पर दी नियुक्ति
शिमला: हिमाचल प्रदेश सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी संजय गुप्ता को नियमित मुख्य सचिव नियुक्त कर दिया है। इस संबंध में सचिव कार्मिक विभाग की ओर से मंगलवार को आधिकारिक आदेश जारी कर दिए गए। संजय गुप्ता अभी तक कार्यवाहक मुख्य सचिव के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहे थे, लेकिन अब सरकार ने उन्हें नियमित रूप से प्रदेश का मुख्य सचिव नियुक्त कर दिया है।
गौरतलब है कि संजय गुप्ता 31 मई को सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं। ऐसे में रिटायरमेंट से महज चार दिन पहले मिली यह नियुक्ति प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है। माना जा रहा है कि सरकार ने उनके लंबे प्रशासनिक अनुभव और सेवाओं को देखते हुए यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है।
उधर, प्रदेश सरकार ने एक अन्य प्रशासनिक फेरबदल करते हुए वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अमरजीत सिंह को अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी है। अमरजीत सिंह, जो वर्तमान में सचिव (सहकारिता) के पद पर कार्यरत हैं, उन्हें अब नगर एवं देशीय योजना तथा आवास विभाग (Town & Country Planning and Housing) का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।






