13 तारीख तक नहीं मिली सैलरी, HRTC कर्मचारियों का फूटा गुस्सा; पूरे प्रदेश में बसें ठप करने की चेतावनी
शिमला: हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के कर्मचारियों को महीने की 13 तारीख तक भी वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों में भारी रोष है। हड़ताल की चेतावनी के बाद देर शाम निगम प्रबंधन ने केवल तीन डिपो के कर्मचारियों के खातों में सैलरी जारी की, जबकि प्रदेश के 27 डिपो के कर्मचारी अब भी वेतन का इंतजार कर रहे हैं।
वेतन में देरी से नाराज ड्राइवर-कंडक्टर यूनियन ने बुधवार को शिमला के पुराना बस स्टैंड में सरकार और निगम प्रबंधन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि यदि दोपहर 12 बजे तक सभी कर्मचारियों के खातों में वेतन नहीं पहुंचा तो पूरे हिमाचल में HRTC बसों के पहिए थाम दिए जाएंगे।
ड्राइवर यूनियन के अध्यक्ष मानसिंह ठाकुर ने कहा कि कर्मचारियों ने पहले ही हड़ताल की चेतावनी दी थी, जिसके बाद निगम प्रबंधन ने आनन-फानन में केवल तीन डिपो में सैलरी जारी की। उन्होंने कहा कि बाकी डिपो के कर्मचारी अब भी आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं।
उन्होंने सरकार और निगम प्रबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि लगातार घाटे का हवाला दिया जा रहा है, लेकिन इसके लिए गलत नीतियां और प्रबंधन की कार्यप्रणाली जिम्मेदार है। लग्जरी पॉलिसी और अन्य रियायतों को घाटे का बड़ा कारण बताते हुए उन्होंने कहा कि कर्मचारी पूरी ईमानदारी से अपनी सेवाएं दे रहे हैं, बावजूद इसके उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल रहा।
यूनियन ने साफ चेतावनी दी कि आने वाले समय में यदि हर महीने की पहली तारीख को सैलरी जारी नहीं हुई तो कर्मचारी उग्र आंदोलन करेंगे और बस सेवाएं बंद कर दी जाएंगी।






