संजौली में खुदाई के दौरान गिरी सुरक्षा दीवार, कई मकानों पर मंडराया खतरा; FIR दर्ज
शिमला। राजधानी शिमला के संजौली रिज रोड क्षेत्र में चल रहे खुदाई और पहाड़ी कटान कार्य के बीच एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां एक रिहायशी इलाके में सुरक्षा दीवार (रिटेनिंग वॉल) अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे आसपास के कई मकानों की सुरक्षा पर भी खतरा मंडराने लगा। घटना के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, थाना सदर में संजौली रिज रोड स्थित प्रकाश कॉटेज एनैक्सी के निवासी डॉ. पारस प्रकाश ने लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उनकी संपत्ति के समीप पिछले करीब एक वर्ष से नरेश जिंटा द्वारा खुदाई और पहाड़ी काटने का कार्य किया जा रहा था।
डॉ. पारस प्रकाश ने बताया कि 11 जुलाई की सुबह उन्हें अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। जब वह बाहर आए तो देखा कि भारी मात्रा में पत्थर, मिट्टी और मलबा उनके घर की ओर खिसक रहा है। कुछ ही क्षणों में उनके मकान से लगी सुरक्षा दीवार ढह गई। इससे न केवल उनके घर बल्कि आसपास के अन्य रिहायशी मकानों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125 और 324(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच पुलिस चौकी लक्कड़ बाजार को सौंपी गई है।
पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






