धर्मशाला में IPL का रोमांच, लेकिन महंगे टिकटों ने बढ़ाई फैंस की चिंता...जाने कितने बढ़े दाम
धर्मशाला। HPCA स्टेडियम में होने वाले आईपीएल मुकाबलों को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह तो है, लेकिन इस बार टिकटों की आसमान छूती कीमतों ने फैंस की चिंता भी बढ़ा दी है। हिमाचल का खूबसूरत क्रिकेट स्टेडियम हमेशा से दर्शकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहा है, मगर इस सीजन टिकट दरों में हुई भारी बढ़ोतरी ने कई लोगों का बजट बिगाड़ दिया है।
पिछले साल जहां मैच टिकटें 1200 से 2000 रुपये के बीच आसानी से मिल जाती थीं, वहीं इस बार सबसे सस्ती टिकट ही 2500 रुपये से शुरू हो रही है। वहीं प्रीमियम कैटेगरी की टिकटों की कीमत 22,500 रुपये तक पहुंच गई है। यानी महज एक साल में टिकट दरों में लगभग दोगुनी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसका सबसे ज्यादा असर मध्यम वर्गीय क्रिकेट प्रेमियों पर पड़ा है, जो हर साल परिवार और दोस्तों के साथ स्टेडियम जाकर मैच का आनंद लेते थे। अब कई फैंस का कहना है कि स्टेडियम की बजाय टीवी या मोबाइल पर मैच देखना ज्यादा बेहतर और किफायती विकल्प लग रहा है।
धर्मशाला में खेले जाएंगे तीन बड़े मुकाबले
इस बार धर्मशाला में 11, 14 और 17 मई को आईपीएल के तीन अहम मुकाबले खेले जाएंगे। हालांकि बढ़ी हुई टिकट कीमतों के कारण स्टेडियम की सभी सीटें भरना आयोजकों के लिए चुनौती बन सकता है। टिकटों की ऑनलाइन बिक्री शुरू हो चुकी है, लेकिन अब तक ऑफलाइन काउंटर की कोई व्यवस्था नहीं की गई है।
उधर, पंजाब किंग्स की टीम आज शाम विशेष विमान से कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंचेगी। इसके बाद सड़क मार्ग से खिलाड़ियों को धर्मशाला लाया जाएगा।
टिकट दरों में HPCA की नहीं होती भूमिका
एचपीसीए सचिव मनुज शर्मा ने स्पष्ट किया कि आईपीएल में टिकट बिक्री और उनकी कीमत तय करने का अधिकार पूरी तरह फ्रेंचाइजी के पास होता है। इसमें एचपीसीए की कोई भूमिका नहीं होती।
हिमाचल के लिए बड़ी खुशखबरी
महंगे टिकटों के बीच हिमाचल के क्रिकेट प्रेमियों के लिए सबसे बड़ी राहत और गर्व की बात यह है कि इस बार धर्मशाला का खूबसूरत एचपीसीए स्टेडियम आईपीएल 2026 के पहले क्वालीफायर मुकाबले की मेजबानी करेगा। बीसीसीआई द्वारा जारी प्लेऑफ शेड्यूल के अनुसार 26 मई को होने वाला Qualifier-1 मुकाबला धर्मशाला में खेला जाएगा।
एचपीसीए सचिव मनुज शर्मा ने इसे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि आईपीएल प्लेऑफ जैसा बड़ा मुकाबला धर्मशाला में होना हिमाचल के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने इसके लिए आईपीएल चेयरमैन अरूण धूमल और बीसीसीआई का आभार भी जताया।






