शिमला में ‘राम मंदिर हॉल’ निकाह रिसेप्शन विवाद: पुलिस ने हाउस अरेस्ट किए हिंदू संघर्ष समिति के नेता
शिमला में ‘राम मंदिर हॉल’ निकाह रिसेप्शन विवाद हिंदू संगठनों के विरोध से पहले पुलिस ने की कार्रवाई
शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में श्री राम मंदिर हॉल में प्रस्तावित एक निकाह रिसेप्शन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इस कार्यक्रम के विरोध में हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन की घोषणा की थी, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए कई नेताओं को उनके घरों में ही नजरबंद कर दिया।
हिंदू संघर्ष समिति के सहसंयोजक विजय शर्मा ने आरोप लगाया कि पुलिस सुबह से ही उनके घर पहुंच गई और उन्हें बाहर निकलने से रोक दिया गया। समिति का कहना है कि बालूगंज मस्जिद में निकाह संपन्न होने के बाद राम मंदिर हॉल में रिसेप्शन आयोजित किया जाना प्रस्तावित था, जिसका उन्होंने कड़ा विरोध किया था।
मुंडन कार्यक्रम की घोषणा
विवाद के बीच हिंदू संघर्ष समिति ने विरोध स्वरूप 11 अप्रैल को दोपहर 3 बजे मुंडन कार्यक्रम करने का ऐलान किया था। संगठन का कहना है कि यह कदम “सांस्कृतिक अतिक्रमण” और धार्मिक स्थलों के कथित दुरुपयोग के विरोध में प्रतीकात्मक प्रदर्शन के तौर पर लिया गया था। इसी दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रमुख नेताओं को हाउस अरेस्ट कर लिया।
भाजपा नेता और अल्पसंख्यक मोर्चा पर सवाल
हिंदू संघर्ष समिति ने भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष गुरमीत सिंह और पार्टी पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। समिति के सहसंयोजक मदन ठाकुर ने कहा कि गुरमीत सिंह के व्यक्तिगत जीवन को लेकर भी सवाल उठते हैं और ऐसे में उन्हें धर्म से जुड़े मामलों पर टिप्पणी नहीं करनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग राजनीतिक लाभ के लिए इस पूरे मामले को हवा दे रहे हैं। साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि पहले यहां कलमा पढ़े जाने का विरोध हुआ था, जिसके बाद आयोजन स्थल को स्थानांतरित किया गया।
सूद सभा पर भी उठे सवाल
हिंदू संघर्ष समिति ने सूद सभा प्रबंधन पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि राम मंदिर हॉल का निर्माण श्रद्धालुओं के दान से हुआ है, लेकिन इसके प्रबंधन में धन के दुरुपयोग की आशंका है। समिति ने चेतावनी दी है कि जल्द ही कथित करोड़ों रुपये के घोटाले का खुलासा किया जाएगा और इस मामले को अदालत में भी ले जाया जाएगा।
फिलहाल शिमला में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए है।












