गर्मी के बीच मौसम ने बदली करवट, हिमाचल में बारिश-आंधी का ऑरेंज अलर्ट
शिमला: हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। प्रदेशभर में भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज आंधी को लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राजधानी शिमला समेत कई इलाकों में बुधवार सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और ठंडी हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार आगामी कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम खराब बना रहेगा, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के मुताबिक हिमाचल प्रदेश में 2 जून तक बारिश और खराब मौसम का दौर जारी रह सकता है। 28 और 29 मई को प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और बर्फबारी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 30 मई को येलो अलर्ट रहेगा। विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, ओलावृष्टि, गरज के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
आज चंबा, कुल्लू, मंडी, कांगड़ा और शिमला जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, सोलन और सिरमौर जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। 29 मई को भी चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर में ऑरेंज अलर्ट जारी रहेगा, जबकि ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और सोलन में येलो अलर्ट रहेगा। इसके अलावा 30 मई को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में बारिश और बर्फबारी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से पहाड़ी और संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन, पेड़ गिरने और बिजली गिरने जैसी घटनाओं की आशंका जताई गई है। पर्यटकों और स्थानीय लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।
वहीं प्रदेश में बढ़ती गर्मी के बीच ऊना सबसे गर्म जिला रिकॉर्ड किया गया, जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इसके अलावा सुंदरनगर में 39.3, कांगड़ा में 38.8, मंडी में 38.6, नाहन में 36.6, धर्मशाला में 35.0 और शिमला में 29 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। मौसम में बदलाव के बाद अब प्रदेश के कई इलाकों में तापमान में गिरावट आने की संभावना जताई जा रही है।






