मंडी जिला अस्पताल की पुरानी CMO बिल्डिंग खस्ताहाल, शौचालय में सीलन और टपकते पानी से बिगड़े हालात
नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय जिला अस्पताल (पुरानी सीएमओ बिल्डिंग) मंडी का एक बड़ा हिस्सा इन दिनों जर्जर हालत में पहुंच चुका है। भवन के भीतर दीवारों में भारी सीलन और छत से लगातार पानी टपकने की समस्या से अस्पताल परिसर की व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
स्थिति विशेष रूप से जिला स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से सटे शौचालय क्षेत्र में ज्यादा गंभीर बताई जा रही है, जहां छत से गंदा पानी लगातार टपक रहा है। बताया जा रहा है कि यह पानी ऊपर स्थित शौचालय से रिसाव के कारण नीचे आ रहा है। इससे न सिर्फ दीवारें और फर्श खराब हो रहे हैं, बल्कि वहां आने-जाने वाले लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों और कर्मचारियों का कहना है कि शौचालय उपयोग के दौरान ऊपर से टपकता पानी बेहद असुविधाजनक स्थिति पैदा कर रहा है। कई जगह फर्श पर पानी जमा होने से दुर्गंध और संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। आशंका जताई जा रही है कि यदि जल्द सुधार नहीं किया गया तो यह स्थिति स्वास्थ्य के लिए गंभीर जोखिम बन सकती है।
भवन की जर्जर हालत और लंबे समय से चल रही इस समस्या के समाधान को लेकर संबंधित विभाग से लगातार मांग की जा रही है, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है।
बुद्धिजीवियों और स्थानीय नागरिकों ने जिला उपायुक्त मंडी से अपील की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि अस्पताल परिसर की स्वच्छता और स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।












