अब इंद्रूनाग के आशीर्वाद पर ही लगेंगे चौके-छक्के, कांगड़ा में मौसम विभाग का यलो अलर्ट जारी
धर्मशाला। आईपीएल मुकाबलों के रोमांच के बीच अब क्रिकेट प्रेमियों की नजरें सिर्फ खिलाड़ियों पर नहीं, बल्कि मौसम पर भी टिकी हैं। कांगड़ा जिले में लगातार बदल रहे मौसम को देखते हुए मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने यलो अलर्ट जारी किया है। ऐसे में धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले मुकाबलों पर बारिश का खतरा मंडराने लगा है। 11 मई को धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में मेजबान पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच आईपीएल का टी-20 मैच होना है। इस दौरान मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया गया है जोकि 12 व 13 तक जारी रहेगा।
स्थानीय लोग मानते हैं कि धर्मशाला में मौसम का रुख इंद्रूनाग देवता की कृपा से तय होता है। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर भी लोग मजाकिया अंदाज में कह रहे हैं कि अब इंद्रूनाग के आशीर्वाद पर ही मैदान में चौके-छक्के लग पाएंगे।
मौसम विभाग के अनुसार कांगड़ा समेत हिमाचल के कई क्षेत्रों में अगले 24 घंटों के दौरान तेज हवाएं, गरज के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों और पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
धर्मशाला में इन दिनों आईपीएल मैचों को लेकर भारी उत्साह है और देशभर से क्रिकेट प्रेमी यहां पहुंच रहे हैं। हालांकि मौसम के बदलते मिजाज ने आयोजकों और दर्शकों की चिंता बढ़ा दी है। अगर बारिश होती है तो मैच के दौरान व्यवधान भी पैदा हो सकता है।
उधर स्थानीय व्यापारियों और होटल कारोबारियों को उम्मीद है कि मौसम ज्यादा खराब न हो, ताकि पर्यटन और क्रिकेट दोनों का उत्साह बना रहे। फिलहाल सबकी निगाहें आसमान और इंद्रूनाग देवता की कृपा पर टिकी हुई हैं।






