हिमाचल में फ्री बिजली पर नया नियम, अब सिर्फ 2 मीटरों पर मिलेगी सब्सिडी
शिमला/रामपुर: हिमाचल प्रदेश में 125 यूनिट फ्री बिजली योजना को लेकर सुक्खू सरकार ने बड़ा बदलाव कर दिया है। अब प्रदेश में एक राशन कार्ड पर केवल दो बिजली मीटरों पर ही बिजली सब्सिडी का लाभ मिलेगा। सरकार के इस नए फैसले के बाद उन उपभोक्ताओं को झटका लग सकता है, जिनके नाम पर दो से ज्यादा बिजली कनेक्शन दर्ज हैं। ऐसे उपभोक्ताओं को अब अपनी पसंद के सिर्फ दो मीटर चुनने होंगे, जिन पर 125 यूनिट फ्री बिजली की सुविधा जारी रहेगी।
सरकार ने बिजली सब्सिडी व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से यह नई व्यवस्था लागू की है। इसके लिए विद्युत विभाग ने ऑनलाइन पोर्टल भी शुरू कर दिया है, जहां उपभोक्ता आसानी से अपने मीटरों का चयन कर सकते हैं।
रामपुर विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता मनोज टैगोर के अनुसार, उपभोक्ता को पोर्टल पर अपनी कंज्यूमर आईडी डालकर OTP के माध्यम से लॉगिन करना होगा। लॉगिन के बाद उपभोक्ता के नाम पर दर्ज सभी बिजली मीटर दिखाई देंगे, जिनमें से किसी भी दो मीटरों का चयन करना अनिवार्य होगा। यदि उपभोक्ता समय रहते चयन नहीं करते हैं, तो अतिरिक्त मीटरों पर मिलने वाली सब्सिडी बंद हो सकती है।
सरकार की ओर से जारी पोर्टल पर जाकर उपभोक्ता अपनी जानकारी अपडेट कर सकते हैं।
बिजली सब्सिडी चयन पोर्टल
ऐसे करें मीटरों का ऑनलाइन चयन
पोर्टल पर जाकर अपनी कंज्यूमर आईडी दर्ज करें।
OTP के जरिए लॉगिन करें।
नाम पर दर्ज सभी बिजली मीटरों की सूची देखें।
इनमें से किसी भी दो मीटरों का चयन करें।
चयनित दो मीटरों पर ही 125 यूनिट फ्री बिजली का लाभ मिलेगा।
प्रदेश में करीब 14.50 लाख उपभोक्ता अभी तक 125 यूनिट फ्री बिजली योजना का लाभ ले रहे थे, लेकिन अब नई सीमा लागू होने के बाद प्रति राशन कार्ड दो से अधिक मीटरों पर कोई सब्सिडी नहीं मिलेगी। 15 अप्रैल से इसके लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
सरकार के इस फैसले का सबसे ज्यादा असर संयुक्त परिवारों और शहरों में किराए के कमरों में रहने वाले लोगों पर पड़ सकता है। पहले अलग-अलग मीटरों पर सब्सिडी मिलने से कई परिवारों को राहत मिलती थी, लेकिन अब अतिरिक्त मीटरों पर यह सुविधा समाप्त हो सकती है।






