NEET UG परीक्षा रद्द: पेपर लीक मामले में CBI जांच के आदेश, NTA ने जारी किया नोटिस
NTA का बड़ा फैसला, दोबारा होगी परीक्षा; नई तारीखें जल्द होंगी जारी
नई दिल्ली: देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET (UG) 2026 को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई 2026 को आयोजित हुई NEET UG परीक्षा को रद्द करने की घोषणा कर दी है। एजेंसी ने कहा है कि पेपर लीक और कथित गड़बड़ियों से जुड़े मामलों की अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) जांच करेगी।
एनटीए ने मंगलवार को जारी आधिकारिक बयान में कहा कि यह फैसला परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने और छात्रों का भरोसा कायम रखने के लिए लिया गया है। एजेंसी के अनुसार, केंद्रीय एजेंसियों से मिले इनपुट्स और कानून लागू करने वाली एजेंसियों की जांच रिपोर्ट के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि मौजूदा परीक्षा प्रक्रिया को जारी नहीं रखा जा सकता।
एनटीए ने कहा कि भारत सरकार की मंजूरी के बाद 3 मई को हुई परीक्षा को रद्द कर दिया गया है और अब परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी। दोबारा होने वाली परीक्षा की नई तारीखें और एडमिट कार्ड से जुड़ी जानकारी जल्द ही एनटीए के आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर जारी की जाएगी।
CBI करेगी पूरे मामले की जांच
सरकार ने परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के आरोपों की जांच CBI को सौंपने का फैसला किया है। एनटीए ने कहा है कि वह जांच एजेंसी को सभी जरूरी रिकॉर्ड, दस्तावेज और तकनीकी सहायता उपलब्ध करवाएगी।
AI निगरानी और GPS सुरक्षा के बावजूद उठा विवाद
गौरतलब है कि एनटीए ने पहले दावा किया था कि परीक्षा पूरी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित हुई थी। प्रश्न पत्र GPS-ट्रैक्ड वाहनों के जरिए भेजे गए थे और उन पर ट्रेस किए जा सकने वाले वॉटरमार्क भी लगाए गए थे। परीक्षा केंद्रों पर AI आधारित CCTV निगरानी भी की गई थी।
इसके बावजूद राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (SOG) समेत कई एजेंसियों की कार्रवाई के बाद कथित पेपर लीक और गड़बड़ियों के मामले सामने आए। एनटीए के अनुसार, परीक्षा के चार दिन बाद 7 मई की शाम को पहली बार संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े इनपुट मिले थे, जिन्हें 8 मई को केंद्रीय एजेंसियों को जांच के लिए भेज दिया गया।
हाल ही में कई राज्यों में हुई गिरफ्तारियों और हिरासत की कार्रवाई के बाद यह मामला और गंभीर हो गया, जिसके चलते आखिरकार परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया।






