तीन दिनों में 47 हजार से अधिक वाहन पहुंचे शिमला, शहर में बढ़ा ट्रैफिक का दबाव
शिमला, 13 अप्रैल। शिमला जिला में सप्ताहांत के दौरान वाहनों की आवाजाही में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। 10 अप्रैल को सोलन–शिमला राष्ट्रीय मार्ग से लगभग 17 हजार वाहन गुजरे, जिनमें करीब 7 हजार वाहन अन्य राज्यों के थे। 11 अप्रैल को यह संख्या बढ़कर करीब 19 हजार हो गई, जिनमें लगभग 9 हजार वाहन बाहरी राज्यों से आए थे। वहीं 12 अप्रैल को शाम 6 बजे तक ही करीब 11 हजार वाहन इस मार्ग से गुजर चुके थे, जिनमें लगभग 5,500 वाहन अन्य राज्यों से संबंधित थे। इस तरह तीन दिनों के भीतर कुल मिलाकर 47 हजार से अधिक वाहन इस मार्ग से होकर गुजरे।
जिला में 10 से 12 अप्रैल के बीच सप्ताहांत के दौरान पर्यटकों और स्थानीय लोगों की बढ़ी आवाजाही के कारण सोलन–शिमला राष्ट्रीय मार्ग पर यातायात का दबाव बढ़ा रहा। इसके बावजूद जिला पुलिस की सक्रिय तैनाती और बेहतर प्रबंधन के कारण पूरे मार्ग पर यातायात सुचारू रूप से चलता रहा और कहीं भी लंबा जाम नहीं लगा।
बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए जिला पुलिस ने पहले से योजना बनाकर विशेष यातायात प्रबंधन व्यवस्था लागू की थी। सभी राजपत्रित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में मैदान में मौजूद रहे, जबकि संबंधित थाना प्रभारी स्वयं सड़कों पर उतरकर यातायात व्यवस्था संभालते रहे। भीड़-भाड़ और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और पूरे मार्ग पर लगातार निगरानी रखी गई।
पुलिस की सतर्कता, त्वरित कार्रवाई और आपसी समन्वय के कारण पूरे सप्ताहांत के दौरान कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति पैदा नहीं हुई। इससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को बिना किसी परेशानी के आवाजाही की सुविधा मिल सकी।
शिमला पुलिस ने यातायात व्यवस्था बनाए रखने में आम लोगों और वाहन चालकों के सहयोग के लिए आभार जताया है और भविष्य में भी इसी तरह सहयोग बनाए रखने की अपील की है।












