मंडी हत्याकांड की गहराई से होगी जांच, दोषी को मिलेगी कड़ी सजा: CM सुक्खू
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल के गोपालपुर में कॉलेज छात्रा हत्याकांड पर मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि मामले की हर पहलू से गहराई से जांच की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि युवती की हत्या एक बेहद गंभीर अपराध है और पुलिस को निष्पक्ष व तेज जांच के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा सुनिश्चित की जाएगी। सरकार ने पुलिस प्रशासन को सभी साक्ष्य जुटाने और जल्द से जल्द जांच पूरी करने के आदेश दिए हैं।
वहीं, सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने युवती की नृशंस हत्या के मामले में कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आरोपी नशे का आदी है और उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने DGP को इस मामले में सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। उन्होंने इस घटना को दुखद और शर्मसार करने वाली बताया।
उन्होंने पीड़िता के परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार उनके साथ खड़ी है और अपराधी को कड़ी सजा दिलाई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि हिमाचल में बेटियां और महिलाएं सुरक्षित हैं, लेकिन इस तरह की घटनाएं चिंता का विषय हैं।












