शिमला में पार्किंग के नाम पर ‘लूट’! 1 घंटे के मांगे 800 रुपये, वीडियो वायरल होने पर मचा बवाल
शिमला: राजधानी शिमला में नगर निगम की पार्किंग व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल लिफ्ट के पास स्थित एक कमर्शियल पार्किंग में ओवरचार्जिंग का बड़ा मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में पार्किंग संचालक एक बाइक राइडर से कथित तौर पर महज एक घंटे की पार्किंग के बदले 800 रुपये की मांग करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आते ही लोगों में भारी नाराजगी फैल गई और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
पीड़ित बाइक राइडर का आरोप है कि जब उन्होंने पार्किंग शुल्क को लेकर सवाल किया तो पार्किंग कर्मियों ने उनके साथ बदसलूकी की। इतना ही नहीं, विरोध करने पर मारपीट करने की कोशिश भी की गई। राइडर का कहना है कि पार्किंग संचालक मनमाने तरीके से लोगों से पैसे वसूल रहे हैं और आम जनता के साथ उनका व्यवहार बेहद आक्रामक है।
मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नगर निगम शिमला प्रशासन हरकत में आया है। नगर निगम ने संबंधित पार्किंग संचालक को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। वहीं, नगर निगम आयुक्त भूपेंद्र मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं।
नगर निगम आयुक्त भूपेंद्र मंत्री ने कहा कि ओवरचार्जिंग और लोगों के साथ दुर्व्यवहार किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और यदि आरोप सही पाए गए तो संबंधित पार्किंग संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शिमला की कई पार्किंगों में लंबे समय से मनमाने शुल्क वसूले जा रहे हैं। आरोप है कि शिकायतें मिलने के बावजूद कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित रहती है। ऐसे में अब लोगों की नजर नगर निगम प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है कि क्या वायरल वीडियो के बाद वास्तव में व्यवस्था में सुधार होगा या मामला कुछ दिनों बाद ठंडे बस्ते में चला जाएगा।






