वीरभद्र सिंह की याद में सजी अंतरराष्ट्रीय प्रो बॉक्सिंग चैंपियनशिप संपन्न
शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार देर सायं शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रो-बॉक्सिंग चैंपियनशिप के समापन समारोह की अध्यक्षता की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का आयोजन पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की स्मृति में किया गया है, जिनका हिमाचल प्रदेश के विकास में अमूल्य योगदान रहा है।
मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन युवाओं को खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देते हैं तथा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों से खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रतियोगिताओं का अनुभव मिलता है, जिससे उनके खेल कौशल में और अधिक निखार आता है।
इस अंतरराष्ट्रीय प्रो-बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारत, श्रीलंका, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान और थाईलैंड के अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजों ने भाग लिया।
इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह, विधायक हरीश जनारथा और हरदीप बावा, हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, महापौर सुरेंद्र चौहान, उप-महापौर उमा कौशल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।






