हिमाचल हाईकोर्ट का सरकार को झटका, KNH की गायनी OPD शिफ्टिंग पर लगाई रोक
शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला स्थित ऐतिहासिक कमला नेहरू अस्पताल (केएनएच) को इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) में शिफ्ट करने के राज्य सरकार के फैसले पर हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने फिलहाल रोक लगा दी है। इस मामले में फालमा चौहान की ओर से दायर जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने सरकार से विस्तृत जवाब तलब किया है।
मुख्य न्यायाधीश गुरमीत सिंह संधावालिया और न्यायाधीश बिपिन चंद्र नेगी की खंडपीठ ने मामले की सुनवाई के दौरान केएनएच की गायनी ओपीडी और अन्य सेवाओं को आईजीएमसी शिफ्ट करने की प्रक्रिया पर अंतरिम रोक लगा दी। अदालत ने डेंटल कॉलेज से जुड़े प्रस्ताव पर भी फिलहाल रोक लगाने के आदेश दिए हैं।
राज्य सरकार ने हाल ही में यह निर्णय लिया था कि कमला नेहरू अस्पताल की कुछ प्रमुख सेवाओं को आईजीएमसी परिसर में स्थानांतरित किया जाए। सरकार का तर्क था कि आईजीएमसी में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे मरीजों को बेहतर इलाज मिल सकेगा। हालांकि इस फैसले का शिमला समेत पूरे प्रदेश में तीखा विरोध शुरू हो गया था। महिला संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और विपक्षी दलों ने इसे महिलाओं के लिए समर्पित ऐतिहासिक अस्पताल को कमजोर करने की कोशिश बताया।
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से अदालत को बताया गया कि करीब 102 वर्ष पुराना कमला नेहरू अस्पताल महिलाओं और नवजात शिशुओं के इलाज के लिए प्रदेश का सबसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्थान है। यहां हर महीने हजारों महिलाएं इलाज करवाने पहुंचती हैं। याचिकाकर्ताओं ने दलील दी कि अस्पताल की सेवाएं आईजीएमसी में शिफ्ट होने से दूरदराज से आने वाले मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा और अस्पताल की ऐतिहासिक पहचान भी प्रभावित होगी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए हाईकोर्ट ने स्वास्थ्य विभाग से पूछा है कि शिफ्टिंग का फैसला किन परिस्थितियों में लिया गया और इससे मरीजों को वास्तविक लाभ क्या होगा। अदालत ने सरकार से यह भी स्पष्ट करने को कहा है कि इस निर्णय का महिलाओं और मरीजों पर क्या प्रभाव पड़ेगा।
हाईकोर्ट के फैसले के बाद महिला संगठनों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। कई संगठनों ने अदालत के इस कदम को महिलाओं के स्वास्थ्य अधिकारों की सुरक्षा से जोड़ते हुए स्वागत किया है। दूसरी ओर, सरकार की ओर से अभी तक कोई औपचारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, हालांकि सूत्रों के मुताबिक स्वास्थ्य विभाग अदालत में अपना पक्ष मजबूती से रखने की तैयारी कर रहा है।
फिलहाल हाईकोर्ट के आदेश के बाद कमला नेहरू अस्पताल को आईजीएमसी में शिफ्ट करने की प्रक्रिया पूरी तरह रोक दी गई है। अब अगली सुनवाई में इस मामले पर आगे की दिशा तय होगी।






