शिमला में हाईटेक चोरी: गैस कटर से काटकर ले गए 70 लोहे के पोल, CCTV में कैद हुई बोलेरो कैंपर
शिमला: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में चोरों ने बेहद शातिर तरीके से बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। रामपुर उपमंडल के तकलेच क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक टेलीकॉम कंपनी की ऑप्टिकल फाइबर लाइन को निशाना बनाते हुए गैस कटर से लोहे के भारी-भरकम पोल काटकर चोरी कर लिए। इस घटना से कंपनी को करीब 9.25 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार यह वारदात 5 और 6 मई की रात को हुई। एरियल टेलीकॉम सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के स्टेट मैनेजर बाबू सिंह देशवाल ने रामपुर थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया गया कि कंपनी की ऑप्टिकल फाइबर केबल (OFC) लाइन अचानक बाधित होने की सूचना मिली थी। जब कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया तो वहां दो लोहे के पोल कटे हुए मिले। इसके बाद पूरे रूट की जांच की गई, जिसमें करीब 70 एच-पोल गायब पाए गए।
बताया जा रहा है कि सड़क निर्माण कार्य के चलते कई जगहों पर ऑप्टिकल फाइबर लाइन पोल की बजाय पेड़ों के सहारे लगाई गई थी। चोरों ने इसी स्थिति का फायदा उठाया और गैस वेल्डिंग मशीन से पोल काटकर मौके से फरार हो गए।
कंपनी की ओर से बहली क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। फुटेज में 6 मई की रात एक बोलेरो कैंपर संदिग्ध रूप से उस इलाके की ओर जाती दिखाई दी है। पुलिस अब इसी वाहन के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है।
रामपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज और कबाड़ कारोबारियों की भी जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि शिमला जिले में इससे पहले भी इस तरह की संगठित चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पिछले साल अक्टूबर में ढली थाना क्षेत्र के शनान इलाके से करीब 15 लाख रुपये कीमत की सीवरेज पाइपें चोरी हुई थीं। बाद में पुलिस ने चोरी किया गया सामान पश्चिम बंगाल से बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था।






