PMGSY में शानदार उपलब्धि: हिमाचल को राष्ट्रीय सम्मान, विक्रमादित्य सिंह ने बताया गर्व का पल
शिमला। हिमाचल प्रदेश को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत उत्कृष्ट कार्य के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान 9 मई को मध्य प्रदेश के सीहोर में आयोजित कार्यक्रम में दिया जाएगा। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि योजना के 25 वर्ष पूरे होने पर केंद्र सरकार ने हिमाचल को बेहतर क्रियान्वयन और गुणवत्तापूर्ण कार्य के लिए चुना है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास मंत्रालय के मूल्यांकन में हिमाचल ने ग्रामीण सड़क संपर्क बढ़ाने में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। इसके तहत राज्य को 46 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि भी मिली है। साथ ही PMGSY-4 के अंतर्गत 250 बस्तियों को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए 2247 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
मंत्री ने बताया कि वर्ष 2000 से अब तक प्रदेश में करीब साढ़े तीन हजार किलोमीटर ग्रामीण सड़क नेटवर्क विकसित किया गया है। सरकार डोडरा-क्वार, लाहौल-स्पीति, छोटा-बड़ा भंगाल जैसे दुर्गम क्षेत्रों तक सड़क पहुंचाने का कार्य भी कर रही है।
जिला परिषद चुनावों पर उन्होंने कहा कि ये चुनाव आमतौर पर पार्टी सिंबल पर नहीं होते, बल्कि विचारधारा के आधार पर लड़े जाते हैं। वहीं पंजाब ब्लास्ट और पश्चिम बंगाल हिंसा जैसे मुद्दों पर उन्होंने कहा कि बिना पूरी जानकारी के टिप्पणी करना उचित नहीं है और संवैधानिक प्रक्रिया के अनुसार ही आगे कार्रवाई होती है।






