शिमला के रामपुर में दर्दनाक हादसा: आधी रात घर से टकराया डंपर, चालक की मौके पर मौत
शिमला। शिमला ज़िले के रामपुर उपमण्डल में आधी रात एक सड़क हादसा सामने आया, जब एक डंपर अनियंत्रित होकर एक मकान से जा टकराया। हादसे में डंपर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोगों की नींद खुल गई। रामपुर पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान नेपाली मूल के राजत (26) पुत्र अमृत सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार यह मामला दिनेश कुमार पुत्र भगत राम मेहता निवासी रामपुर के बयान के आधार पर दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि 10 अप्रैल की रात करीब 12 बजकर 20 मिनट पर अंकुश वर्कशॉप के बाहर अचानक जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। जब लोग बाहर निकले तो देखा कि एक डंपर (नंबर HP06C-5542) पास ही स्थित कपूर मेहता के मकान से टकराया हुआ था।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। डंपर मकान में फंसा हुआ था, जिसे जेसीबी मशीन की मदद से बाहर निकालकर सड़क पर लाया गया। जब वाहन की जांच की गई तो चालक सीट के पीछे झुकी हालत में चालक रजत (26) पुत्र अमृत सिंह निवासी गांव गनमा, डाकघर व तहसील देहलिक, जिला देहलिक (नेपाल) मृत पाया गया।
इस हादसे में अंकुश ऑटोमोबाइल्स के पास खड़ी एक अन्य गाड़ी (नंबर HP75-5755) भी डंपर की टक्कर से क्षतिग्रस्त हो गई। मौके की स्थिति को देखते हुए शुरुआती जांच में हादसे का कारण डंपर चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार माना जा रहा है।
पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 106(1) और 324(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हादसे के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।












