15 मई शाम 3 बजे से हिमाचल में ड्राई डे, जानें कहां-कहां बंद रहेंगे शराब के ठेके?
शिमला: हिमाचल प्रदेश में नगर निगम और शहरी निकाय चुनाव अब अंतिम दौर में पहुंच चुके हैं। पहाड़ से लेकर शहरों तक चुनावी सरगर्मियां चरम पर हैं और प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं। इसी बीच चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए बड़ा फैसला लिया है।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रदेश के संबंधित शहरी निकाय क्षेत्रों में 15 मई की शाम 3 बजे से लेकर 17 मई को मतदान समाप्त होने तक ड्राई डे लागू रहेगा। इस दौरान सभी शराब के ठेके, बीयर बार और शराब परोसने वाले संस्थान पूरी तरह बंद रहेंगे।
प्रशासन ने साफ किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और एक्साइज विभाग की टीमें लगातार निगरानी करेंगी ताकि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो सके।
चुनाव आयोग क्यों हुआ सख्त?
चुनाव आयोग का मानना है कि मतदान से पहले शराब की बिक्री और वितरण चुनाव को प्रभावित कर सकता है। इसी वजह से मतदान से 48 घंटे पहले ड्राई डे लागू किया गया है ताकि चुनाव शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।
आयोग के अनुसार इस अवधि में किसी भी होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, दुकान, सार्वजनिक स्थल या निजी स्थान पर शराब बेचना, बांटना या परोसना पूरी तरह गैर-कानूनी होगा।
अगर कोई व्यक्ति या कारोबारी नियम तोड़ता पाया गया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ लाइसेंस रद्द करने तक की कार्रवाई हो सकती है।
इन जिलों में बंद रहेंगे शराब के ठेके...
बिलासपुर जिला
बिलासपुर, घुमारवीं, श्री नैना देवी जी और नगर पंचायत तलाई।
चंबा जिला
चंबा, डलहौजी और नगर पंचायत चौरी।
हमीरपुर जिला
सुजानपुर-टिहरा और नगर पंचायत भोटा।
कांगड़ा जिला
धर्मशाला, पालमपुर नगर निगम, कांगड़ा, नूरपुर, नगरोटा-बंगवां, देहरा, ज्वालामुखी और शाहपुर।
कुल्लू जिला
कुल्लू, मनाली, भुंतर, निरमंड और बंजार।
मंडी जिला
मंडी नगर निगम, सरकाघाट, सुंदरनगर, नेरचौक, जोगिंदरनगर, रिवालसर और करसोग।
शिमला जिला
रामपुर, ठियोग, सुन्नी, चौपाल, कोटखाई, जुब्बल, चिरगांव और नेरवा।
सोलन जिला
सोलन नगर निगम, परवाणू, नालागढ़, अर्की और कंडाघाट।
सिरमौर जिला
नाहन, पांवटा साहिब और राजगढ़।
ऊना जिला
संतोखगढ़, मैहतपुर-बसदेहड़ा, गगरेट, दौलतपुर चौक, टाहलीवाल और अंब।
प्रशासन की लोगों से अपील
प्रशासन ने लोगों से चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण बनाने में सहयोग करने और नियमों का पालन करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि ड्राई डे का उद्देश्य केवल निष्पक्ष और सुरक्षित मतदान सुनिश्चित करना है ताकि लोकतंत्र का यह पर्व बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।






