शिमला: गौशाला में मिला व्यक्ति का श.व, छत से लटका देख सहमा परिवार
शिमला। शिमला जिले के रामपुर उपमंडल की ग्राम पंचायत सनारसा के गसो गांव में 45 वर्षीय एक व्यक्ति का शव गोशाला में फंदे से लटका मिला है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करते हुए मामले की जांच जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की शाम ग्राम पंचायत सनारसा के उपप्रधान ठाकुर दास ने थाना झाखड़ी को दूरभाष पर सूचना दी कि गसो गांव निवासी ईश्वर सिंह ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां ईश्वर सिंह का शव उसके मकान के साथ बनी गोशाला में पाया गया।
मृतक की पत्नी और पुत्रों ने पुलिस को बताया कि ईश्वर सिंह ने गोशाला की छत की बल्ली से नायलॉन की रस्सी के सहारे फंदा लगाया था। उन्होंने ही रस्सी काटकर शव को नीचे उतारा। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो गोशाला का दरवाजा बाहर से ताला लगा हुआ मिला। इस कारण मामला संदिग्ध नजर आने पर रामपुर के एसडीपीओ के माध्यम से राज्य फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एसएफएसएल) जूंगा की टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया।
फोरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके का निरीक्षण किया। जांच के दौरान विशेषज्ञों ने प्रथम दृष्टया इसे फंदा लगाकर आत्महत्या का मामला बताया। विशेषज्ञों ने यह भी पाया कि गोशाला के दरवाजे की मशाबी को बिना ताला खोले भी संचालित किया जा सकता था, जिससे दरवाजा खोला जाना संभव था।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को कब्जे में ले लिया है। पोस्टमार्टम के लिए शव को महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर (एमजीएमएससी) खनेरी के शवगृह में सुरक्षित रखा गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि मामले की जांच भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत की जा रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।






