सीएम सुक्खू ने ओलंपिक मैराथन को दिखाई हरी झंडी, शिमला में नई पार्किंग का किया उद्घाटन
शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर अपने सरकारी आवास ‘ओक ओवर’ से ओलंपिक मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सीटीओ मार्ग से शुरू हुई यह मैराथन इंदिरा गांधी खेल परिसर में संपन्न हुई, जिसमें पुरुष एवं महिला वर्ग के करीब 200 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि हिमाचल में खेल अवसंरचना को मजबूत किया जा रहा है और नादौन में 150 करोड़ रुपये की लागत से उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किया जा रहा है। साथ ही ओलंपिक, पैरालंपिक और शीतकालीन ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि बढ़ाकर 5 करोड़ रुपये कर दी गई है।
शिमला में 145 वाहनों की नई पार्किंग शुरू
इसके बाद मुख्यमंत्री ने शिमला शहर में ऑकलैंड टनल के निकट 7.60 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बहुमंजिला कार पार्किंग का उद्घाटन किया। 145 वाहनों की क्षमता वाली यह पार्किंग शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने और पार्किंग समस्या के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिमला को अधिक व्यवस्थित, सुगम और पर्यटकों के अनुकूल बनाने के लिए विभिन्न आधारभूत ढांचा परियोजनाओं पर कार्य कर रही है। आधुनिक पार्किंग सुविधाओं और बेहतर यातायात प्रबंधन के माध्यम से स्थानीय लोगों एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।






