SDM स्मृतिका नेगी और मंडी जिला प्रशासन को सिविल सर्विस अवार्ड, आपदा राहत कार्य के लिए हिमाचल दिवस पर होंगे सम्मानित
मंडी। हिमाचल दिवस के अवसर पर 15 अप्रैल को राज्य सरकार द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और प्रशासनिक टीमों को सम्मानित किया जाएगा। इसी कड़ी में वर्ष 2025 की भीषण आपदा के दौरान प्रभावी राहत एवं बचाव कार्यों के लिए मंडी जिला प्रशासन और एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी को सिविल सर्विस अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।
यह सम्मान किन्नौर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री द्वारा प्रदान किया जाएगा। इस दौरान उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन जिला प्रशासन की ओर से यह सम्मान ग्रहण करेंगे, जबकि एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी भी व्यक्तिगत रूप से सम्मानित होंगी।
आपदा के दौरान दिन-रात चला राहत अभियान
वर्ष 2025 में सराज, गोहर, करसोग और धर्मपुर क्षेत्रों में आई भीषण आपदा के दौरान मंडी जिला प्रशासन ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों को अंजाम दिया। गोहर के स्यांज क्षेत्र में हुए भारी नुकसान के समय एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी के पास उस क्षेत्र का अतिरिक्त कार्यभार था, जहां उन्होंने मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों का नेतृत्व किया।
सराज क्षेत्र में स्थिति इतनी गंभीर थी कि कई दिनों तक संपर्क पूरी तरह से बाधित रहा। ऐसे कठिन हालात में तहसीलदार रजत सेठी ने मोर्चा संभालते हुए राहत कार्यों को जारी रखा।
पैदल पहुंचे एएसपी, हवाई मार्ग से पहुंचा प्रशासन
आपदा के दौरान एएसपी सागर चंद्र शर्मा ने कई किलोमीटर पैदल चलकर सराज क्षेत्र तक पहुंचकर राहत कार्यों की कमान संभाली। इसके बाद उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक हवाई मार्ग के माध्यम से मौके पर पहुंचे और फंसे हुए अन्य राज्यों के पर्यटकों को सुरक्षित निकालने सहित राहत कार्यों को तेज किया गया।
मंडी, सुंदरनगर और रामपुर क्षेत्र में आई दूसरी आपदाओं के दौरान भी प्रशासनिक टीम ने मौके पर रहकर रेस्क्यू ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया, जिसमें कई जानें बचाई गईं।
जनहित योजनाओं को भी मिली सराहना
जिला प्रशासन द्वारा पंचायत स्तर पर शुरू की गई ‘अपना पुस्तकालय’ योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी पहलों को भी सरकार ने सराहा है। इन योजनाओं को ग्रामीण स्तर पर शिक्षा और सुविधा बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना गया है, जिसके चलते मंडी प्रशासन को सिविल सर्विस अवार्ड के लिए चुना गया।
नितिका को दिलाई राहत, मानवीय पहल बनी मिसाल
स्यांज आपदा के दौरान एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी ने न केवल राहत कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई, बल्कि एक संवेदनशील मानवीय उदाहरण भी प्रस्तुत किया। अपने माता-पिता और दादी को खो चुकी नितिका की सहायता करते हुए उन्होंने उसके बैंक खाते खुलवाने और आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी कर उसे ‘चाइल्ड ऑफ द स्टेट’ का दर्जा दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इसके अलावा मरीजों को उनके घर तक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने सहित कई अन्य राहत कार्यों में भी एसडीएम स्मृतिका नेगी की सक्रियता और संवेदनशीलता की सराहना की जा रही है।
इस प्रकार मंडी जिला प्रशासन और एसडीएम स्मृतिका नेगी का यह सम्मान न केवल उनके प्रशासनिक कौशल को दर्शाता है, बल्कि आपदा की घड़ी में उनकी मानवीय संवेदनशीलता और समर्पण को भी रेखांकित करता है।












