शिमला में हाईटेक अंदाज में चला रहा था चिट्टे का खेल, 27 साल का 'बिल्ला' लुधियाना से गिरफ्तार
शिमला। शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में चिट्टे के कारोबार से जुड़े एक बड़े हाईटेक नेटवर्क का खुलासा हुआ है। जिला शिमला पुलिस ने पंजाब के लुधियाना से 27 वर्षीय गुरमीत सिंह उर्फ ‘बिल्ला’ को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर पंजाब में बैठकर शिमला समेत कई इलाकों में चिट्टे की सप्लाई कर रहा था। आरोपी इतना शातिर था कि पुलिस से बचने के लिए वह वर्चुअल नंबरों और डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल कर अपने नेटवर्क को ऑपरेट कर रहा था।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई बालूगंज थाना में दर्ज एक एनडीपीएस मामले की जांच के दौरान सामने आई कड़ियों के आधार पर की गई। 20 मार्च को पुलिस ने चिट्टे के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपियों में हरियाणा के सोनीपत निवासी अंजीत और रविकांत, झज्जर निवासी इरफान और मुकेश सहित नरेंद्र शामिल थे। इनके कब्जे से करीब 93.970 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया था।
डिजिटल जांच में सामने आया ‘बिल्ला’ का नाम
मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने आरोपियों से गहन पूछताछ की और डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच में खुलासा हुआ कि पकड़े गए आरोपी पंजाब के फरीदकोट निवासी गुरमीत सिंह उर्फ बिल्ला से चिट्टा खरीदते थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपी वर्चुअल नंबरों और ऑनलाइन संपर्क माध्यमों का इस्तेमाल करता था ताकि उसकी लोकेशन और पहचान ट्रेस न हो सके। हालांकि, पुलिस की साइबर और जांच टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर नेटवर्क की परतें खोलते हुए आरोपी तक पहुंच बनाई और बुधवार को लुधियाना में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
अब तक छह आरोपी गिरफ्तार
एएसपी अभिषेक ने बताया कि इस मामले में अब तक छह लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस गिरोह का नेटवर्क किन-किन राज्यों तक फैला हुआ था और इसके जरिए कितनी मात्रा में नशे की सप्लाई की जा रही थी।
ठियोग चिट्टा मामले में भी बड़ी कार्रवाई
उधर, ठियोग थाना में दर्ज एक अन्य चिट्टा मामले में भी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। 12 अप्रैल को ठियोग निवासी कुलदीप वर्मा से 8.34 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया था। जांच में सामने आया कि उसे यह नशा उत्तर प्रदेश निवासी सप्लायर शिव शंकर उपलब्ध करवा रहा था। पुलिस ने आरोपी शिव शंकर को चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी उत्तर प्रदेश के जिला मुरादाबाद के बिलारी क्षेत्र का रहने वाला है।
बैकवर्ड लिंकज से बड़े नेटवर्क तक पहुंच रही पुलिस
शिमला पुलिस इस वर्ष नशा तस्करी के मामलों में केवल छोटे सप्लायरों तक सीमित नहीं रही, बल्कि बैकवर्ड लिंकज के जरिए पूरे नेटवर्क को तोड़ने में जुटी है। पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक 35 आरोपियों को बैकवर्ड लिंकज के आधार पर गिरफ्तार किया जा चुका है।
इसके अलावा इस साल 26 नशा तस्करी नेटवर्कों को ध्वस्त किया गया है। पुलिस ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और केरल समेत कई राज्यों में सक्रिय अंतरराज्यीय नेटवर्कों पर कार्रवाई करते हुए उनकी सप्लाई चेन तोड़ने का दावा किया है।
पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े और बड़े खुलासे हो सकते हैं।






