किन्नौर में नस्लीय टिप्पणी से बवाल: बाहरी व्यापारी ने किन्नौरियों को कहा ‘Migrated Chinese’, जनजातीय समुदाय में भारी रोष
रिकांगपिओ: जनजातीय जिला किन्नौर में एक बाहरी व्यापारी की कथित नस्लीय टिप्पणी के बाद माहौल गर्मा गया है। सोशल मीडिया पर किन्नौर के लोगों को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी से जनजातीय समुदाय में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। मामले ने अब तूल पकड़ लिया है और लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार पूर्व जिला परिषद सदस्य शांता नेगी की एक फेसबुक पोस्ट पर रिकांगपिओ में व्यापार करने वाले प्रदीप सूद नामक व्यक्ति ने टिप्पणी करते हुए किन्नौर के लोगों को “Migrated Chinese” कहा। सीमांत और जनजातीय क्षेत्र के लोगों को लेकर की गई इस टिप्पणी को स्थानीय लोगों ने उनकी अस्मिता और देशभक्ति का अपमान बताया है।
इसी मामले को लेकर बुधवार को पूर्व जिला परिषद सदस्य हितेश नेगी की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक किन्नौर सुशील कुमार से मुलाकात कर शिकायत पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने आरोपी के खिलाफ एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम (एट्रोसिटी एक्ट) सहित अन्य धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की मांग की।
शिकायत में कहा गया है कि 10 मई 2026 को सोशल मीडिया पर की गई यह टिप्पणी केवल अभद्र भाषा नहीं, बल्कि सीमांत क्षेत्र में रहने वाले देशभक्त जनजातीय समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली है। लोगों का कहना है कि किन्नौर के निवासी कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में रहकर देश की सीमाओं की सुरक्षा में सेना और आईटीबीपी का सहयोग करते हैं, ऐसे में उन्हें विदेशी या “माइग्रेटेड चाइनीज़” कहना बेहद शर्मनाक और अस्वीकार्य है।
मीडिया से बातचीत में हितेश नेगी ने आरोप लगाया कि संबंधित व्यापारी लंबे समय से किन्नौर के शांतिपूर्ण माहौल को खराब करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी उक्त व्यक्ति पर बिजली चोरी और अवैध होमस्टे संचालन जैसे मामलों में प्रशासन कार्रवाई कर चुका है। वहीं जनजातीय भूमि हस्तांतरण से जुड़े मामलों में भी स्थानीय समुदाय हाईकोर्ट में कानूनी लड़ाई लड़ रहा है।
हितेश नेगी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पुलिस प्रशासन ने जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की, तो जिले भर के हजारों लोग सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि “पूह क्षेत्र किन्नौर का ताज है और यहां के लोग देश की सीमाओं पर डटे जवानों का मनोबल बढ़ाने का काम करते हैं। ऐसे लोगों को विदेशी कहना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
उधर, एसपी किन्नौर सुशील कुमार ने मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि शिकायत के आधार पर पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कानून के अनुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।






