CBSE सब-कैडर परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी: फाइनल आंसर-की भी जारी
धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने सीबीएसई सब-कैडर स्क्रीनिंग टेस्ट-2026 का परिणाम घोषित कर दिया है. इसके साथ ही बोर्ड ने फाइनल आंसर-की भी जारी कर दी है. इस फैसले से उन हजारों अभ्यर्थियों को राहत मिली है, जिन्होंने मार्च में इस परीक्षा में हिस्सा लिया था.
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि यह स्क्रीनिंग टेस्ट 22 मार्च 2026 को आयोजित किया गया था. इसमें 27 अलग-अलग विषयों और पदों के लिए परीक्षा ली गई थी. बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने इसमें भाग लेकर अपनी किस्मत आजमाई थी.
आपत्तियों के बाद तैयार हुई फाइनल आंसर-की
परीक्षा के बाद बोर्ड ने प्रोविजनल आंसर-की जारी की थी और अभ्यर्थियों से आपत्तियां मांगी थीं. प्राप्त सभी आपत्तियों की विषय विशेषज्ञों द्वारा गहन जांच की गई. इसके बाद उनकी सिफारिशों के आधार पर फाइनल आंसर-की तैयार की गई और अब उसे आधिकारिक रूप से जारी कर दिया गया है.
वेबसाइट पर देखें परिणाम
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि सभी अभ्यर्थी अपना रिजल्ट और अंक ऑनलाइन देख सकते हैं. इसके लिए उन्हें बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट (http://www.hpbose.org) पर जाकर अपना विवरण भरना होगा. वहीं सभी 27 विषयों की फाइनल आंसर-की भी वेबसाइट पर उपलब्ध है.
पारदर्शिता पर जोर
डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए यह कदम उठाया गया है. अभ्यर्थी अब अपने उत्तरों का मिलान फाइनल आंसर-की से कर सकते हैं, जिससे उन्हें अपने प्रदर्शन का सही अंदाजा मिल सके.






