नगर निगम चुनाव से पहले भाजपा का कांग्रेस पर ''वार'', 4 नगर निगमों में जारी होगा “आरोप पत्र”
शिमला: हिमाचल प्रदेश में 17 मई को होने वाले नगर निगम चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ बड़ा राजनीतिक मोर्चा खोलने का ऐलान किया है। भाजपा ने धर्मशाला, पालमपुर, सोलन और मंडी नगर निगम क्षेत्रों में कांग्रेस सरकार के खिलाफ विस्तृत “आरोप पत्र” जारी करने की रणनीति बनाई है। पार्टी का दावा है कि इन दस्तावेजों के जरिए प्रदेश सरकार की कथित विफलताओं, अधूरी गारंटियों और जनविरोधी नीतियों को जनता के सामने रखा जाएगा।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद ठाकुर ने गुरुवार को शिमला में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि पार्टी ने चारों नगर निगमों के लिए अलग-अलग वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है। धर्मशाला में पूर्व मंत्री विक्रम ठाकुर, पालमपुर में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री विपिन परमार, सोलन में भाजपा नेता राजेश कश्यप और शैलेन्द्र गुप्ता, जबकि मंडी में विधायक एवं भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल जनता के बीच आरोप पत्र पेश करेंगे।
भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद प्रदेश में विकास कार्यों की रफ्तार थम गई है। विनोद ठाकुर ने कहा कि कानून व्यवस्था की स्थिति कमजोर हुई है, भ्रष्टाचार के मामलों में बढ़ोतरी हुई है और आम जनता को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने चुनावों से पहले जो बड़ी-बड़ी गारंटियां दी थीं, वे आज तक धरातल पर नजर नहीं आईं।
उन्होंने कहा कि भाजपा नगर निगम चुनावों में विकास, पारदर्शिता और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। पार्टी का मानना है कि कांग्रेस केवल वादों और भ्रम की राजनीति कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। भाजपा नेताओं का दावा है कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार के करीब ढाई साल के कार्यकाल से निराश है और इसका असर नगर निगम चुनावों के नतीजों में साफ दिखाई देगा।
भाजपा के अनुसार यह आरोप पत्र महज चुनावी दस्तावेज नहीं होगा, बल्कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल का “तथ्यात्मक रिपोर्ट कार्ड” होगा। पार्टी इन दस्तावेजों के माध्यम से जनता को यह संदेश देने की तैयारी में है कि प्रदेश आर्थिक संकट, प्रशासनिक अव्यवस्था और भ्रष्टाचार की ओर बढ़ रहा है।






