फ्यूल चार्ज से बढ़े बिजली बिल, भाजपा बोली- जनता पर पड़ रहा अतिरिक्त आर्थिक बोझ
हिमाचल प्रदेश में बिजली बिलों पर लगाए गए फ्यूल चार्ज को लेकर भाजपा ने सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं विधायक त्रिलोक जमवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश की जनता पर एक और अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है।
जमवाल ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने 28 लाख परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा किया था, लेकिन सरकार बनने के बाद वह अपना वादा पूरा नहीं कर सकी। उन्होंने आरोप लगाया कि मुफ्त बिजली देने के बजाय सरकार ने पहले सब्सिडी में कटौती की और अब फ्यूल चार्ज सहित कई अतिरिक्त शुल्क बिजली उपभोक्ताओं पर थोप दिए हैं।
उन्होंने कहा कि फ्यूल चार्ज, मिल्क सेस, पर्यावरण शुल्क और स्वच्छता शुल्क का सीधा असर प्रदेश के लाखों उपभोक्ताओं के घरेलू बजट पर पड़ेगा। भाजपा ने मुख्यमंत्री से इन अतिरिक्त शुल्कों की समीक्षा कर उन्हें वापस लेने की मांग की है।






