नगर निगम चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत, धर्मशाला-मंडी में लहराया भगवा; सोलन में भी खिला कमल
अनंत ज्ञान। डेस्क
हिमाचल प्रदेश के चार नगर निगमों धर्मशाला, पालमपुर, मंडी और सोलन में रविवार सुबह शुरू हुई मतगणना के साथ ही चुनावी तस्वीर साफ होने लगी। शुरुआती परिणामों से लेकर अंतिम रुझानों तक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कई नगर निगमों में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी मजबूत पकड़ का प्रदर्शन किया है। विशेष रूप से धर्मशाला, मंडी और सोलन नगर निगम में भाजपा ने बड़ी जीत दर्ज कर कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है।
मंडी नगर निगम में भाजपा ने 14 में से 12 वार्डों में जीत हासिल कर एकतरफा बढ़त बनाई। कांग्रेस और एक निर्दलीय प्रत्याशी को एक-एक सीट से संतोष करना पड़ा। मंडी के वार्ड नंबर-11 समखेतर से भाजपा प्रत्याशी जानी ने जीत दर्ज की, जबकि वार्ड नंबर-15 दोहंदी से भी भाजपा उम्मीदवार विजयी रहे। इस जीत के साथ नगर निगम मंडी में भाजपा ने स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है।
वहीं, धर्मशाला नगर निगम में भी भाजपा का दबदबा देखने को मिला। 17 वार्डों में से भाजपा ने 11 सीटों पर कब्जा जमाया, जबकि कांग्रेस को 5 सीटें मिलीं और एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गई। बहुमत मिलने के साथ ही भाजपा ने मेयर और डिप्टी मेयर पद पर भी अपनी दावेदारी मजबूत कर ली है।
सोलन नगर निगम में भी भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 में से 6 सीटों पर जीत दर्ज की। कांग्रेस और एक निर्दलीय प्रत्याशी को एक-एक सीट पर सफलता मिली। सोलन में भाजपा की इस जीत को शहरी क्षेत्रों में पार्टी के बढ़ते जनाधार का संकेत माना जा रहा है।
चुनाव परिणाम सामने आते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ जीत का जश्न मनाया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नगर निगम चुनावों में भाजपा का यह प्रदर्शन आने वाले समय की राजनीति के लिए महत्वपूर्ण संकेत माना जा सकता है। वहीं कांग्रेस के लिए ये नतीजे संगठनात्मक मजबूती और रणनीति पर पुनर्विचार का संदेश दे रहे हैं।






