“गांव-गांव से कांग्रेस का सफाया” पंचायत चुनाव नतीजों पर बोले राजीव बिंदल
शिमला: हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनाव के प्रथम चरण के मतदान और परिणामों के बाद सियासी बयानबाज़ी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव में बड़ी जीत का दावा करते हुए कहा है कि प्रदेश की करीब 75 प्रतिशत पंचायतों में भाजपा समर्थित प्रधान और उपप्रधान उम्मीदवारों ने शानदार जीत दर्ज की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने इसे कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनता का जनादेश बताया है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा कि 26 मई को प्रदेश की 1293 पंचायतों में मतदान संपन्न हुआ और देर रात तक मिली रिपोर्टों के अनुसार अधिकांश पंचायतों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को भारी समर्थन मिला। उन्होंने दावा किया कि पंचायत चुनाव के नतीजों ने साफ कर दिया है कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार की नीतियों से निराश है और गांव-गांव में सरकार के खिलाफ माहौल बना हुआ है।
राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता में आने से पहले महिलाओं, युवाओं, किसानों और कर्मचारियों से किए गए बड़े-बड़े वादे अब तक पूरे नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक सहायता देने का वादा अधूरा है, युवाओं को रोजगार नहीं मिला और किसान-बागवान आज भी अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट बढ़ा है, जबकि विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा बेरोजगारी से परेशान है और आम जनता बिजली-पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं की बढ़ती कीमतों से त्रस्त है। कांग्रेस सरकार केवल राजनीतिक संरक्षण और अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने की राजनीति कर रही है। पंचायत चुनावों में जनता ने कांग्रेस की नीतियों को नकारते हुए भाजपा समर्थित उम्मीदवारों पर भरोसा जताया है।
राजीव बिंदल ने कहा कि प्रदेश के कई बड़े कांग्रेस नेताओं और राजनीतिक दिग्गजों को अपने ही क्षेत्रों में हार का सामना करना पड़ा है, जिससे साफ है कि गांव-गांव में कांग्रेस के खिलाफ भारी जनाक्रोश है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए सहायता दे रही है और भाजपा गांव, गरीब, किसान, महिला और युवा हितों को प्राथमिकता देने का काम कर रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पंचायत चुनावों के परिणाम यह भी दर्शाते हैं कि प्रदेश की जनता भाजपा की नीतियों, संगठन की मजबूती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर लगातार विश्वास जता रही है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार को हर स्तर पर जवाब देगी और हिमाचल प्रदेश में फिर भाजपा का परचम लहराएगा।
इसके साथ ही राजीव बिंदल ने चुनाव में विजयी हुए भाजपा समर्थित प्रधानों, उपप्रधानों और पंचायत प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत केवल भाजपा की नहीं बल्कि प्रदेश की जनता की जीत है।






