पालमपुर नगर निगम चुनाव में भाजपा का बड़ा एक्शन, बागी उम्मीदवार संजीव राणा निलंबित
शिमला। हिमाचल प्रदेश में नगर निकाय चुनावों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने पार्टी लाइन के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं पर सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में भाजपा ने पालमपुर नगर निगम चुनाव में बगावत करने वाले एक कार्यकर्ता के खिलाफ बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने पालमपुर नगर निगम के वार्ड नंबर-5 सुग्घर से चुनाव मैदान में उतरे संजीव राणा की पार्टी की प्राथमिक सदस्यता तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दी है। संजीव राणा पर आरोप है कि उन्होंने पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़कर संगठनात्मक अनुशासन का उल्लंघन किया है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पंचायतीराज एवं नगर निकाय चुनावों के लिए पार्टी की ओर से गठित अनुशासन समिति को संगठनात्मक जिला पालमपुर और पालमपुर शहरी मंडल से शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत में कहा गया था कि संजीव राणा पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं, जिससे संगठन की छवि और अनुशासन प्रभावित हो रहा है।
अनुशासन समिति ने मामले पर विस्तार से चर्चा करने के बाद इसे गंभीर अनुशासनहीनता माना और कार्रवाई की सिफारिश प्रदेश नेतृत्व को भेजी। इसके बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिन्दल ने पार्टी संविधान के तहत कार्रवाई करते हुए संजीव राणा की प्राथमिक सदस्यता निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए।
भाजपा प्रदेश कार्यालय सचिव प्रमोद ठाकुर ने बताया कि पार्टी अनुशासन के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने वालों पर आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
उल्लेखनीय है कि हिमाचल प्रदेश के 51 शहरी निकायों में 17 मई को मतदान होना है। नगर परिषद और नगर पंचायतों की मतगणना मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद कर दी जाएगी, जबकि चार नगर निगमों धर्मशाला, पालमपुर, मंडी और सोलन के चुनाव परिणाम 31 मई को घोषित किए जाएंगे।






