बेटियों की चमक से रोशन हुआ 10वीं रिजल्ट, 699 अंक लेकर अनमोल बनीं स्टेट टॉपर
धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड ने आज 10वीं का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है. 10वीं की परीक्षा में 93661 छात्र बैठे थे, जिनमें से 78150 छात्र पास हुए हैं, जबकि 6559 विद्यार्थी 10वीं की परीक्षा में फेल हुए हैं. इसके अलावा 8433 छात्रों की कंपार्टमेंट आई है. इस साल 10वीं का रिजल्ट 83.87 प्रतिशत रहा है. हालांकि इस बार जून में एक बार फिर से दसवीं में कंपार्टमेंट वाले विद्यार्थियों को दोबारा परीक्षा देने का मौका मिलेगा, जिससे बच्चों को अपने अंक सुधारने का अवसर मिलेगा. हिमाचल प्रदेश की प्रोविजनल मेरिट सूची भी जारी की जाएगी, जिसमें जून में भी बदलाव होने के बाद फाइनल मेरिट सूची जारी होगी.
टॉप-10 में लड़कियों का दबदबा
इस बार भी 10वीं की परीक्षा परिणाम में टॉप 10 में लड़कियों का ही दबदबा रहा है. प्रदेशभर में 107 विद्यार्थियों ने टॉप -10 में जगह बनाई है, जिनमें से 83 छात्राएं शामिल हैं और 24 छात्र शामिल हैं. इस साल की टॉपर भी 699 अंकों के साथ एक छात्रा ही रही है
प्रदेशभर में अनमोल ने किया टॉप
एवीएम पब्लिक स्कूल पहाड़ा जिला कांगड़ा की अनमोल ने 699/700 अंक प्राप्त किए हैं और 99.86% के साथ प्रदेशभर में 10वीं में टॉप किया है. वहीं, बिलासपुर की पूर्णिमा शर्मा, ऊना के अभिनव मेहता और रूहानी धीमान ने 99.71% के साथ टॉप-10 में दूसरा स्थान प्राप्त किया है, जबकि हमीरपुर की अश्विका शर्मा और मंडी की अलीशा ठाकुर ने 99.57% के साथ प्रदेशभर में तीसरा स्थान हासिल किया है.
"पिछले साल के मुकाबले ये परिणाम में बढ़ोतरी हुई है. परीक्षाओं में सुधार के बड़े प्रयास किए गए हैं, जिसमें एमसीक्यू व कप्टेंसी बेस्ड व प्रश्न पत्र में बड़े बदलाव किए गए हैं." - डॉ. राजेश शर्मा, अध्यक्ष, हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड
एग्जाम सेंटर की हुई लाइव मॉनिटरिंग
हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि 10वीं की परीक्षाओं के लिए राज्य भर में 2384 सेंटर बनाए गए थे. इस बार परीक्षा केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग भी की गई है. अगली बार ओडियो-वीडियो कैमरे से परीक्षा केंद्रों में निगरानी रखी जाएगी. मूल्यांकन के लिए 41 केंद्र बनाए गए थे. इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों में 2900 शिक्षकों ने अपनी सेवाएं प्रदान की हैं. डॉ राजेश शर्मा ने कहा कि रिजल्ट को समय पर निकालने के प्रयास किए गए, उन्होंने कहा कि हिमाचल बोर्ड रिजल्ट जारी करने में आज पांचवें स्थान पर है.






