हिमाचल पुलिस का ‘वॉच एंड पेट्रोल’ मॉडल शिमला के बाद मनाली, सोलन और मैक्लोडगंज में भी लागू
शिमला। हिमाचल प्रदेश पुलिस की ‘वॉच एंड पेट्रोल’ पहल को अब राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक विस्तार दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में शुरू की गई यह व्यवस्था पहले शिमला के मॉल रोड पर लागू की गई थी, जिसे पर्यटकों और स्थानीय लोगों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली।
पुलिस मुख्यालय के प्रवक्ता ने बताया कि इस मॉडल के तहत पुलिस जवान प्रमुख स्थानों पर औपचारिक वर्दी में तैनात रहते हैं। उनकी जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि पर्यटकों की मदद करना, मार्गदर्शन देना और तुरंत सहायता उपलब्ध कराना भी है। इससे लोगों में सुरक्षा और भरोसे की भावना बढ़ी है।
मॉल रोड शिमला में मिले अच्छे परिणामों को देखते हुए अब इसे मनाली, सोलन और मैक्लोडगंज में भी लागू किया जा रहा है। डीजीपी अशोक तिवारी ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य हिमाचल को एक सुरक्षित और पर्यटक-मित्र राज्य के रूप में स्थापित करना है तथा पुलिस की छवि को और मजबूत बनाना है।






