नाकाबंदी में खुला नशा तस्करी का खेल, पुंघ फोरलेन पर 1.426 किलो चरस के साथ 6 गिरफ्तार
मंडी: हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंडी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सुंदरनगर थाना पुलिस ने पुंघ फोरलेन पर नाकाबंदी के दौरान अलग-अलग दो कारों से कुल 1.426 किलोग्राम चरस बरामद कर छह युवकों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पहली कार्रवाई: कार से 914 ग्राम चरस बरामद
नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक 'Applied For' कार को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर वाहन से 914 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके बाद कार में सवार दोनों युवकों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
- बबलू, निवासी गांव खिन्नी, जिला मंडी
- देवेंद्र कुमार, निवासी गांव पनवी, जिला कुल्लू
दूसरी कार्रवाई: ऑल्टो कार से 512 ग्राम चरस मिली
इसी दौरान कुल्लू की ओर से आ रही एक ऑल्टो कार को भी पुलिस ने जांच के लिए रोका। तलाशी में 512 ग्राम चरस बरामद होने पर कार में सवार चारों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
- हरीश, निवासी बरशोगी, जिला कुल्लू
- रितेश ठाकुर, निवासी धवाली, जिला मंडी
- अखिल देतवालिया, निवासी नोहान, जिला हमीरपुर
- विजय, निवासी बकारद, जिला मंडी
पूरे नेटवर्क की होगी जांच
एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ थाना सुंदरनगर में अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चरस की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड, चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी गहन जांच की जाएगी। पुलिस बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपियों के तार किसी बड़े अंतर्राज्यीय नशा तस्करी गिरोह से जुड़े हैं या नहीं।
पुलिस का कहना है कि यदि जांच में किसी बड़े नेटवर्क का खुलासा होता है तो उससे जुड़े सभी लोगों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। मंडी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।






