पालमपुर में ‘कांग्रेस उखाड़ फेंको’ अभियान का आगाज, 400 परिवारों ने थामा BJP का हाथ
पालमपुर। हिमाचल में आगामी पंचायत और विधानसभा चुनावों से पहले सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। पालमपुर से भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू करते हुए शक्ति प्रदर्शन किया है।
हिमाचल दिवस के मौके पर पालमपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के शहरी और ग्रामीण मंडलों ने “कांग्रेस उखाड़ फेंको” अभियान की शुरुआत की। इस कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की और बड़ी संख्या में लोगों को भाजपा का पटका पहनाकर पार्टी में शामिल किया।
पंचायत चुनाव से पहले भाजपा को पालमपुर में बड़ी मजबूती मिली है। करीब 400 परिवारों ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे कांग्रेस की नीतियों और विकास की कमी से निराश होकर भाजपा में शामिल हुए हैं।
डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार की अनदेखी और गलत फैसलों के चलते लोग कांग्रेस से दूरी बना रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले भी कई प्रमुख नेता कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हो चुके हैं।
गौरतलब है कि पालमपुर में पिछले 14 वर्षों से कांग्रेस का दबदबा रहा है, लेकिन भाजपा का आरोप है कि क्षेत्र में विकास ठप रहा। साथ ही भाजपा सरकार के दौरान खोले गए कई कार्यालयों को मौजूदा सरकार ने बंद कर दिया, जिससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
अब देखना होगा कि चुनावी माहौल में यह सियासी बदलाव पालमपुर की राजनीति को किस दिशा में ले जाता है।












