चुनावी ड्यूटी में कोताही पड़ी भारी, 4 अधिकारियों पर गिरी निलंबन की गाज
शिमला में पंचायत राज संस्थाओं के चुनाव के दौरान लापरवाही बरतने के आरोप में पोलिंग पार्टी संख्या-65 के चार अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त अनुपम कश्यप द्वारा की गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत नरैन के वार्ड नंबर-1 स्थित ब्रांदली-1 मतदान केंद्र पर तैनात पोलिंग पार्टी से मतदान प्रक्रिया के दौरान गंभीर प्रक्रियात्मक चूक हुई। जांच में पाया गया कि मतदान कक्ष में निर्धारित एरो क्रॉस मार्क सील के साथ NOTA (नोटा) की रबर स्टाम्प भी छोड़ दी गई थी।
मामला तब सामने आया जब एक मतदाता ने शिकायत की कि उसने अनजाने में उम्मीदवार की जगह NOTA पर मुहर लगा दी। सहायक रिटर्निंग अधिकारी को सूचना मिलने तक 124 मतदाता वोट डाल चुके थे, जिसके बाद मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई और मतदान रोकना पड़ा।
प्रशासन ने इसे चुनाव प्रक्रिया में गंभीर लापरवाही मानते हुए पूरी पोलिंग पार्टी को जिम्मेदार ठहराया है। निलंबित अधिकारियों में अनिल कुमार (प्रीसाइडिंग अधिकारी), प्रकाश चंद, राज कुमार और रमेश चंद शामिल हैं। निलंबन अवधि के दौरान इन अधिकारियों का मुख्यालय खंड विकास अधिकारी कार्यालय रामपुर निर्धारित किया गया है।






