कार में घूम रहा था चिट्टे का नेटवर्क, युवती समेत दो आरोपी गिरफ्तार
शिमला जिले के सुन्नी थाना क्षेत्र में पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए कार सवार एक युवती समेत दो लोगों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17.7 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार 13 मई की रात करीब तीन बजे थाना सुन्नी की पुलिस टीम घराटनाला क्षेत्र में नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने कार नंबर HP30A-3588 को शक के आधार पर रोका। तलाशी लेने पर कार में सवार युवक और युवती के कब्जे से 17.7 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान महेश कुमार निवासी करसोग जिला मंडी और मनोरमा निवासी भोरंज जिला हमीरपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने थाना सुन्नी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी चिट्टा कहां से लेकर आए थे और इसकी सप्लाई किस जगह की जानी थी। पुलिस मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।






