क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग में शिमला पुलिस नंबर वन, डिजिटल पुलिसिंग में हमीरपुर सबसे पीछे
क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम (CCTNS) में हिमाचल प्रदेश पुलिस की डिजिटल पुलिसिंग रैंकिंग में इस बार शिमला जिला पूरे प्रदेश में नंबर वन बनकर उभरा है। राज्य अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (SCRB) द्वारा जारी पहली तिमाही 2026 की प्रगति रिपोर्ट में शिमला पुलिस ने सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया, जबकि हमीरपुर जिला सबसे पीछे रहा।
यह रैंकिंग जनवरी से मार्च 2026 के दौरान पुलिस थानों में दर्ज एफआईआर, जांच से जुड़े ऑनलाइन रिकॉर्ड, डिजिटल डेटा एंट्री और सिस्टम अपडेट के आधार पर तैयार की गई है। रिपोर्ट के अनुसार शिमला जिला को 41.15 अंक मिले। इसके बाद नूरपुर जिला पुलिस 41.12 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही। किन्नौर तीसरे, बिलासपुर चौथे और लाहौल-स्पीति पांचवें स्थान पर रहा। वहीं हमीरपुर जिला को सबसे कम 34.73 अंक मिले।
रिपोर्ट में प्रदेश के पुलिस थानों के प्रदर्शन को अलग-अलग श्रेणियों में भी आंका गया है। 50 से अधिक एफआईआर वाले थानों की श्रेणी में सिरमौर का माजरा थाना पहले स्थान पर रहा। मंडी सदर थाना दूसरे और बिलासपुर सदर थाना तीसरे स्थान पर रहा। शिमला का बालूगंज थाना भी शीर्ष प्रदर्शन करने वाले थानों में शामिल रहा।
25 से 50 एफआईआर वाले थानों की श्रेणी में छोटा शिमला थाना पूरे प्रदेश में पहले नंबर पर रहा। बरमाणा थाना दूसरे और रामपुर थाना तीसरे स्थान पर रहा। इस सूची में ढली, रोहड़ू, ठियोग, कुमारसैन और कोटखाई जैसे शिमला जिला के कई थानों ने भी जगह बनाई।
वहीं 25 से कम एफआईआर वाले थानों की श्रेणी में किन्नौर का रिकांगपिओ थाना पहले स्थान पर रहा, जबकि शिमला का चिड़गांव थाना दूसरे नंबर पर रहा। चौपाल, नेरवा, सुन्नी, जुब्बल और संजौली जैसे थानों ने भी डिजिटल पुलिसिंग और रिकॉर्ड प्रबंधन में बेहतर प्रदर्शन दर्ज किया।
महिला पुलिस थानों की रैंकिंग में मंडी महिला थाना प्रदेश में पहले स्थान पर रहा। कुल्लू और नाहन महिला थाना क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे, जबकि न्यू शिमला महिला थाना दसवें नंबर पर रहा।
इंटर ऑपरेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम (ICJS) सर्च रैंकिंग में नूरपुर थाना सबसे आगे रहा। इस थाने ने करीब तीन करोड़ डिजिटल सर्च कर रिकॉर्ड बनाया। पुलिस विभाग का कहना है कि CCTNS और ICJS जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म अपराध नियंत्रण, रिकॉर्ड प्रबंधन और जांच प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और तेज बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।






