OPS पर गरमाई सियासत: जयराम बोले- भाजपा ने कभी नहीं किया विरोध, कांग्रेस कर्मचारियों को कर रही गुमराह
हिमाचल प्रदेश में ओल्ड पेंशन स्कीम (OPS) को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस नेताओं द्वारा भाजपा पर सत्ता में आने पर OPS बंद करने के आरोप लगाए जा रहे हैं। इसी बीच नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस मुद्दे पर भाजपा का रुख स्पष्ट किया है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा ने न पहले कभी OPS का विरोध किया था और न ही अब कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस मुद्दे को कर्मचारियों के बीच उछालकर उन्हें गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान भी कर्मचारियों की मांगों को भाजपा गंभीरता से सुन रही थी, लेकिन कांग्रेस ने चुनावी लाभ के लिए OPS लागू करने की घोषणा की।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल के विकास में कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान है और भाजपा हमेशा उनके हितों के साथ खड़ी रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बेवजह OPS को लेकर भ्रम फैलाने का काम कर रही है।
जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुक्खू पर निशाना साधते हुए कहा कि OPS लागू होने के बाद प्रदेश पर बढ़े आर्थिक बोझ को देखते हुए सरकार यूनिफाइड पेंशन स्कीम (UPS) की ओर बढ़ने के विकल्प तलाश रही है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री इस संबंध में अधिकारियों को निर्देश भी दे चुके हैं। ऐसे में सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि वह UPS लागू करने जा रही है या नहीं।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हितों से जुड़े इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर सरकार को अपनी स्थिति साफ करनी चाहिए, ताकि किसी तरह की भ्रम की स्थिति पैदा न हो।






