महिला आरक्षण पर ‘सच बनाम दुष्प्रचार’: हिमाचल में कांग्रेस का बड़ा सियासी अभियान
हिमाचल की राजनीति में आने वाले दिनों में बयानबाज़ी नहीं, बल्कि सीधा “तथ्यों का युद्ध” देखने को मिलने वाला है। महिला आरक्षण संशोधन बिल को लेकर उठे विवाद ने अब प्रदेश में कांग्रेस बनाम भाजपा की सियासी लड़ाई को एक नए स्तर पर पहुंचा दिया है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के निर्देशों के बाद हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने अब रक्षात्मक नहीं, बल्कि आक्रामक रणनीति अपनाने का फैसला किया है। पार्टी साफ संकेत दे चुकी है कि अब “दुष्प्रचार बनाम तथ्य” की लड़ाई मैदान में लड़ी जाएगी वो भी जिला स्तर तक।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने साफ शब्दों में कहा है कि पार्टी अब चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने सभी वरिष्ठ नेताओं को तीन दिनों के भीतर हर जिला मुख्यालय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के निर्देश दिए हैं, ताकि महिला आरक्षण बिल को लेकर फैलाई जा रही कथित गलतफहमियों का जवाब सीधे जनता के बीच दिया जा सके।
इस अभियान को व्यवस्थित रूप देने के लिए संगठन महामंत्री विनोद जिंटा ने विस्तृत सर्कुलर जारी किया है। इसमें साफ तौर पर तय किया गया है कि कौन नेता किस जिले में जाकर कांग्रेस का पक्ष रखेगा। यानी यह सिर्फ बयानबाज़ी नहीं, बल्कि एक सुनियोजित “राजनीतिक ग्राउंड ऑपरेशन” है।
कांग्रेस की नई रणनीति: “नेरेटिव बदलो, मैदान में उतरकर”
इस पूरे घटनाक्रम का सबसे अहम पहलू यह है कि कांग्रेस अब सोशल मीडिया या प्रेस रिलीज़ तक सीमित नहीं रहना चाहती। पार्टी ने तय किया है कि वह सीधे जिला स्तर पर जाकर जनता से संवाद करेगी—जहां भाजपा के आरोपों का जवाब भी दिया जाएगा और महिला आरक्षण बिल पर अपनी स्थिति भी स्पष्ट की जाएगी।
बड़े चेहरे, बड़ा संदेश
इस अभियान में प्रदेश के कई बड़े नेता अलग-अलग जिलों में मोर्चा संभालेंगे—
मुकेश अग्निहोत्री और विक्रमादित्य सिंह शिमला
विनय कुमार कांगड़ा
आशा कुमारी चंबा
जैनब चंदेल सोलन
हर्षवर्धन चौहान नाहन
राजेश धर्माणी बिलासपुर
आर एस बाली हमीरपुर
चंद्र शेखर मंडी
जगत सिंह नेगी किन्नौर
अनुराधा राणा लाहौल-स्पीति
विद्या नेगी कुल्लू
असली लड़ाई क्या है?
यह सिर्फ महिला आरक्षण बिल पर बहस नहीं है बल्कि “जनता के बीच कौन अपनी बात ज्यादा प्रभावी तरीके से रखता है”, इसकी सीधी टक्कर है। कांग्रेस इस मुद्दे को महिला अधिकारों से जोड़कर पेश करना चाहती है, जबकि भाजपा पर “दुष्प्रचार” का आरोप लगाकर उसे रक्षात्मक बनाने की रणनीति अपनाई जा रही है।












